दुर्ग
दुर्ग, 12 नवंबर। हावड़ा-मुंबई मेल में चढऩे का प्रयास कर रही वृद्धा प्लेटफार्म पर गिर गई, उसे ज्यादा चोट नहीं आई थी किन्तु हार्टफेल होने से मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
गुरुवार की सुबह मुंबई जाने के लिए ग्राम खपरी थाना जेवरा सिरसा निवासी रूपा ननकानी (65 वर्ष) पति स्वर्गीय हरीश ननकानी दुर्ग स्टेशन पर पहुंची। जब रूपा स्टेशन पर पहुंची तो हावड़ा मुंबई मेल प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी हुई थी। जब तक रूपा प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन के पास पहुंचती तब तक ट्रेन चलना प्रारंभ कर दी। इस पर रूपा ने चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास किया। इस दौरान उसका पैर दरवाजे के पास से स्लिप हुआ और वह गिर गई। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने बताया कि रूपा ननकानी का एसी क्लास में रिजर्वेशन था। उसका बेटा मुंबई में रहता है जिसके पास वह जा रही थी।


