दुर्ग

सडक़ों के संधारण के लिए मिलेंगे 3 करोड़, नगरीय निकाय मंत्री ने भूमिपूजन कार्यक्रम में की घोषणा
11-Nov-2021 6:48 PM
सडक़ों के संधारण के लिए मिलेंगे 3 करोड़, नगरीय निकाय मंत्री ने भूमिपूजन कार्यक्रम में की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 11 नवंबर। आखिरकार दुर्ग शहर की खराब सडक़ों के संधारण के लिए 3 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। सतनामी आश्रम कल्याण समिति कसारीडीह सांस्कृतिक भवन में प्रथम तल पर निर्माण कार्य के भूमिपूजन अवसर पर नगरीय निकाय मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने निगम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। इसके अलावा मंत्री ने पद्मनाभपुर स्थित एमआईजी ग्राउंड को गार्डन का स्वरूप देने 20 लाख रुपए की भी घोषणा की। इसके लिए सिविल सर्जन डॉ. पी बालकिशोर ने मंत्री श्री डहरिया से विशेष रूप से अनुरोध किया था।

भूमिपूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक अरुण वोरा ने की। इस अवसर पर विशेष अतिथि महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, लोककर्म प्रभारी अब्दुल गनी, पूर्व विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा, गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी रायपुर के अध्यक्ष केपी खंडे, छत्तीसगढ़ सहित्य समिति रायपुर प्रांताध्यक्ष जे आर सोनी, सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश एमडी महिलकर, जिला अस्पताल दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. पी बालकिशोर, भागवत प्रसाद मारकंडे व वार्ड पार्षद नजहत परवीन मौजूद थे।

निगम आयुक्त हरेश मंडावी के संयोजन में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में मंत्री श्री डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार हर वर्ग के लिए बेहतर कार्य कर रही है। किसान, युवा, महिला, व्यापारी सहित अन्य वर्ग के लोग सरकार की योजनाओं से खुशहाल है। इस अवसर पर उन्होंने अपनी सरकार की योजनाओं का बखान भी किया।

 इस दौरान मंत्री श्री डहरिया ने आयुक्त हरेश मंडावी से पूछा कि शहर की सडक़ों का क्या हाल है, कुछ देर बाद  उन्होंने 3 करोड़ की राशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर के विकास के लिए जरूरत के हिसाब से आने वाले समय और राशि  भी दी जाएगी। इसके पहले विधायक अरुण वोरा ने  सतनामी समाज की विभूतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों का बखान किया। महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी समाज की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम में नगर निगम दुर्ग के अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी सं या में समाज के लोग मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट