दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 नवंबर। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। मोहन नगर थाना क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक सेंट्रल बैंक में प्यून का कार्य करने वाले प्रार्थी वितेश तिवारी ने 29 अक्टूबर की रात को 8 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बीपी 7549 को ग्रीन चौक अंग्रेजी शराब दुकान के पास खड़ी कर उसे लॉक किया और बच्चों के लिए नाश्ता खरीदने कुणाल होटल में गया था।
होटल से नाश्ता खरीद कर जब वापस आया तो देखा उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात चोर ने चोरी कर ली है। पुलिस के मुताबिक वह मोटरसाइकिल प्रार्थी के साले यश तिवारी के नाम पर थी, जिसका पिछले 3 साल से प्रार्थी उपयोग कर रहा था। इसी तरह एक अन्य मामले में रोजी मजदूरी का काम करने वाले प्रार्थी गोपाल यादव निवासी न्यू शांति नगर गंजमंडी के सामने ने शिकायत दर्ज कराई कि 5 नवंबर की रात को 10 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बीटी 9474 पर सवार होकर काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी गाड़ी में पेट्रोल खत्म हो गया।
इस पर प्रार्थी ने ग्रीन चौक लकड़ी टाल के पास अपनी मोटरसाइकिल की खड़ी किया और पेट्रोल लेने के लिए पेट्रोल पंप गया था। जब वह वापस ग्रीन चौक आया तो देखा उसकी गाड़ी चोरी हो गई थी। अपने स्तर पर वाहन की तलाश करने के बाद प्रार्थी ने इसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई। दोनों ही मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 379 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया।


