दुर्ग
सर्दी-खांसी को हल्के में लेना पड़ा भारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 नवंबर। कल शाम एक 25 वर्षीय कोरोना संक्रमित युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। युवक को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। सर्दी-खांसी से परेशान युवक ने इसे मौसमी वायरल समझकर हल्के में लिया और जब उसकी तबियत अधिक खराब हुई तो परिजन उसे अस्पताल गए, जहां उसकी कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उसे एम्स ले जाया गया था।
युवक सरायपाली में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले उसे हल्का बुखार और सर्दी हुई, फिर खांसी के लक्षण भी दिखे। इसे उसने हल्के में लिया और बाजार से दवा खाकर मर्ज को दबाने का प्रयास किया। नवंबर के प्रथम दिवस उसकी तबीयत अधिक बिगडऩे लगी और सांस लेने में परेशानी हुई तो परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए। वहां कोरोना टेस्ट किया गया और जब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो एम्स ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान कल युवक की मौत हो गई।
जिला प्रशासन के अनुसार मंगलवार को जिले में 2 हजार 149 लोगों का कोविड टेस्ट किया गया। इसमें तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं एक युवक की मौत हुई है। जिले में कुल एक्टिव कोविड पेशेंट की बात करें तो वह संख्या 54 पहुंच गई है, जो कि राज्य में सबसे अधिक है। यह चौंकाने वाला आंकड़ा जिले के लिए काफी चिंताजनक है। जिले में 14 दिन पहले एक वृद्ध महिला की मौत कोरोना से हुई थी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 14 अक्टूबर को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया था। जिले में कोरोना संक्रमण से यह करीब 37 दिन बाद मौत हुई थी। इसके पहले कोरोना से 20 सितंबर को मौत हुई थी।
जिले के सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि ठंड बढऩे से लोगों में सर्दी-खांसी और बुखार की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। ऐसे में सबसे अधिक जरूरी है कि इस बीमारी को वायरल समझ कर हल्के में न लें। सबसे पहले कोविड नियमों का पालन करके खुद को सर्दी से बचाएं। यदि सर्दी खांसी व बुखार आदि के लक्षण हों तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें और कोविड टेस्ट कराएं। इस दौरान उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन कराने और वैक्सीनेशन करा चुके लोगों को भी कोविड नियमों का पालन करने की सलाह दी है।