दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर। नगर निगम सीमा क्षेत्र सीमा अंतर्गत सोमवार की सुबह निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान, जसवीर सिंह भुवाल, राजेन्द्र सराठे और अमला के साथ पुजारी तालाब, शीतला तालाब कसारीडीह, शक्ति नगर तालाब, लुचकी तालाब, शीतला तालाब वार्ड 59, बोरसी तालाब, गैलेक्सी स्थित तालाब, औद्योगिक नगर तालाब, शिवनाथ नदी सहित अन्य तालाबों का निरीक्षण किया।
ज्ञात हो कि निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने छठ पर्व को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया था कि जिन तालाबों में पर्व मनाया जाना है, उन तालाबों के पार की साफ सफाई कराई जाए।
इसी कड़ी में आज शहर के सभी तालाबों की साफ सफाई प्रारंभ कर दी गई है। तालाबों में बिजली व्यवस्था के साथ आयोजन स्थल पर तट पर विशेष सफाई के साथ आसपास एरिया में दवाई का छिडक़ाव भी किया गया। निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने कहा कि छठ महापर्व आज से प्रारंभ हो चुका है. इसको ध्यान में रखते हुए शहर के तालाबों के चारों ओर गैंग लगवाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई।
विधायक-महापौर ने तालाबों का लिया जायजा
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल सोमवार को लोक कर्म प्रभारी अब्दुल गनी, बाजार एवं राजस्व विभाग प्रभारी ऋषभ जैन, नीलू सिंह के साथ विभिन्न वार्डों में स्थित तालाब जहां छठ पर्व के लिए पूजा-अर्चना किया जाना है, पहुंचे। पुजारी तालाब, लुचकी तालाब, शीतला तालाब, कसारीडीह तालाब, बोरसी समेत अन्य तालाबों का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि सभी तालाबों के पार की निगम द्वारा साफ सफाई कराई गई, बचे हुए सफाई को जल्द करवाए. साथ ही बिजली व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था आदि का जायजा लेते हुए जहां पर सफाई का पूर्ण हो चुका है वहां चूना से लाइनिंग कार्य करें तथा तालाब के नीचे उतरने के लिए बनाए गए सीढिय़ों की सफाई अच्छी तरह से करवाये, ताकि पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।