दुर्ग
भूपेश-पुनिया व अन्य कांग्रेस नेता होंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर। आगामी 10 नवंबर को दुर्ग में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की पहली बैठक की जोरशोर से तैयारी शुरू हो गई है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम दुर्ग आए थे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक की सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए थे। मरकाम के लौटते ही कांग्रेस संगठन ने यहां बैठक की तैयारी शुरू कर दी। सोमवार को विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने राजीव भवन पहुंचकर बैठक की तैयारियों का जायजा लिया।
विधायक अरुण वोरा ने बताया कि दुर्ग शहर में पहली बार प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हो रही है। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस महासचिव पीएल पुनिया सहित प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों समेत 34 जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक की तैयारी के लिए सभी संगठन पदाधिकारी जुट गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गरिमा के अनुरूप बैठक में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने संगठन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
बैठक की तैयारियों पर चर्चा के दौरान राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अरुण सिसोदिया, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, भिलाई शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, राजकुमार पाली सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।