दुर्ग
डामरीकरण कराने राशि की मांग -वोरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 नवंबर। दुर्ग जिला मुख्यालय की सडक़ें खस्ताहाल हैं, लेकिन अफसरों को ऊबडख़ाबड़ सडक़ों की मरम्मत कराने या दोबारा डामरीकरण करने में दिलचस्पी नहीं है। सबसे व्यस्ततम और भीड़भाड़ वाले स्टेशन रोड के अलावा गुरुद्वारा रोड, जीई रोड पर गड्ढों की भरमार सबसे ज्यादा है। विधायक अरुण वोरा ने इन सडक़ों का डामरीकरण करने या पैचवर्क करने पीडब्लूडी अफसरों को निर्देश दिए हैं, लेकिन अफसरों ने अभी तक मरम्मत का काम शुरू नहीं किया। स्टेशन रोड पर आवाजाही करने वाले हजारों लोग त्रस्त हैं। वहीं अफसरों को लोगों की परेशानी की कोई परवाह ही नहीं है।
पीडब्लूडी अफसरों की लापरवाही का आलम ये है कि बारिश थमने के करीब एक माह बाद भी सडक़ों का डामरीकरण या पैचवर्क का काम शुरू नहीं किया। पीडब्लूडी अफसर जर्जर हो चुकी सडक़ों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं।
विधायक अरुण वोरा द्वारा तीन माह पहले शहर की जर्जर सडक़ों का मुद्दा उठाए जाने के बाद कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सडक़ों का जायजा लिया था। अफसरों को निर्देश भी दिये लेकिन कलेक्टर के निर्देश के बावजूद पीडब्लूडी अफसरों ने मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया। स्टेशन रोड पर गड्ढों के कारण लोग हर दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं।
विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि शहर के भीतर नगर निगम और पीडब्लूडी की सडक़ें हैं। जिनका संधारण करना जरूरी है। मैंने आज सुबह निगम कमिश्नर को निगम की सडक़ों की मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिये हैं। जिन सडक़ों की हालत ज्यादा खराब है वहां डामरीकरण कराना जरूरी है। शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर राशि मंजूर करने की मांग की जाएगी।