दुर्ग
ईसाई समुदाय के प्रार्थना घर में तोडफ़ोड़, थाने में 4 घंटे हंगामा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 नवंबर। जिले में कल चरौदा के वीएमवाय जी केबिन गणेश चौक बस्ती में धर्मांतरण का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में क्रिश्चियन समुदाय के लोग शिकायत करने जीआरपी थाने पहुंचे। वहां उन्होंने ज्योति शर्मा व 20-25 अन्य के खिलाफ प्रार्थना के दौरान घऱ में घुसकर मारपीट, दान पेटी लूटने सहित महिलाओं व बच्चों से मारपीट का आरोप लगाया है। बाद में ज्योति शर्मा पक्ष के लोगों ने भी अपनी शिकायत दी और लगभग चार घंटे तक थाने में हंगामा चलता रहा। जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ज्योति व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है जबकि ज्योति पक्ष की शिकायत को जांच में लिया गया है।
जीआरपी थाना टीआई एलएस राजपूत ने बताया कि रुक्मिणी सोनवानी ने शिकायत की है कि उसके घर के पास एक घर में प्रार्थना कक्ष बनाया गया है। यहां ईसाई समुदाय के लोग पिछले 15 वर्षों से प्रार्थना करते आ रहे हैं। रविवार सुबह भी उनकी प्रार्थना चल रही थी, तभी लगभग साढ़े 9 बजे ज्योति शर्मा करीब 20-25 लोगों के साथ पहुंची और उनके धर्म का अपमान करने लगीं। जब उन्होंने उसे रोका तो उन लोगों ने घर के अंदर घुसकर गाली गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। चर्च के सामान को भी क्षति पहुंचाई। मारपीट में अनीता नाग, योगेश सोनवानी, किशोर सोलंकी और लता नाग को चोटें आई हैं। दान पेटी को भी तोड़ रुपए ले जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीआई ने बताया कि ज्योति शर्मा पक्ष ने आरोप लगाया है कि ईसाई समुदाय के लोग गरीब भोले-भाले लोगों को पहले कर्ज देते हैं और बाद में पैसा न दे पाने पर उनके ऊपर दबाव बनाकर धीरे-धीरे उनका धर्मांतरण करा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत लेकर मामले को जांच में लिया है।
जीआरपी के उच्च अधिकारियों ने समुदाय के लोगों को समझाया और कहा कि अभी मामला दर्ज कर जांच में लिया जाएगा। उसके बाद जो धारा घटे बढ़ेगी, वह लगा दी जाएगी।
एक पक्ष की एफआईआर और दूसरे से आवेदन लिये जाने को लेकर भी कई लोगों ने आपत्ति जताई है। टीआई ने कहा कि मामले की जांच कर रहे हैं, बयान के बाद दोनों पक्ष की बातें और आरोप स्पष्ट होंगे।


