दुर्ग

पटाखा फोडऩे मना किया तो स्वास्थ्य कर्मी पर चाकू से हमला, सभी गिरफ्तार
07-Nov-2021 7:58 PM
पटाखा फोडऩे मना किया तो स्वास्थ्य कर्मी पर चाकू से हमला, सभी गिरफ्तार

भिलाई नगर, 7 नवंबर। पटाखा दुकान के पास बम फोडऩे से मना करने पर कुछ युवकों ने स्वास्थ्य कर्मी को बुरी तरह पीटा और चाकू से हमला कर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल स्वास्थ्य कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली टीआई भूषण एक्का ने बताया कि पद्मनाभपुर चौकी अंतर्गत सांई मंदिर के पास कसारीडीह निवासी वैभव कुमार गुप्ता (23 वर्ष) ने घटना की शिकायत की है। उसने बताया कि वह 5 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे दुर्ग में अपने दोस्त शाहरूख कुरैशी की पटाखा दुकान के पास खड़ा था। उसी समय ढीमर पारा निवासी शैलू ढीमर अपने दोस्त राहुल सेन के साथ कुरैशी दुकान में पटाखा लेने आया।

वह पटाखा खरीदकर दुकान के सामने ही बम फोडऩे लगा। इस पर वैभव और शाहरूख ने उन्हें वहां पर पटाखा फोडऩे से मना किया। इस बात पर शैलू एवं राहुल सेन नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। जब वैभव ने उन्हें गाली गलौज करने से मना किया तो शैलू एवं राहुल सेन मारपीट करने लगे। झगड़ा बढऩे पर उन्होंने अपने मोहल्ले के ओंकार ढीमर व अन्य को वहां बुला लिया।

इसके बाद सभी ने मिलकर वैभव और शहरुख को को जमकर मारा पीटा। इसके बाद ओंकार ढीमर ने अपने पास रखे चाकू से वैभव पर वार किया। जब अपने बचाव नें वैभव भागने लगा तो ओंकार ने उसके बायें पैर की जांघ में चाकू से वार किया।

शाहरूख का कहना है कि आसपास के लोगों ने आकर बीच बचाव न किया होता तो वैभव की हत्या हो जाती।
मामले के सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।


अन्य पोस्ट