दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अक्टूबर। जनपद पंचायत परिसर में लगाए गए बिहान बाजार में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच रही है। इस बिहान बाजार में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्व सहायता समूह के द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार का उत्पाद यहां आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महिला समूह ने कई आकर्षक उत्पाद तैयार की है। इनमें दीपावली त्यौहार से संबंधित विभिन्न प्रकार के आइटम के अलावा कई प्रकार के दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं सजावटी सामान भी महिला समूह द्वारा लगाए गए स्टाल में उपलब्ध है, जो एकाएक यहां आने वाले लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करती है, मगर समुचित प्रचार-प्रसार के अभाव के चलते पहले दिन यहां स्टाल लगाने वाले अधिकांश महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं उत्पाद के खरीदार के लिए तरसती रही।
शिव शक्ति स्व सहायता समूह भटगांव के अध्यक्ष लक्ष्मी देशमुख ने बताया कि उनका समूह गौठान से जुड़ा हुआ है जो गोबर से दीपक मां लक्ष्मी की चरण पादुका गणेश प्रतिमा हवन कंडा धूपबत्ती आदि विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष लगभग ढाई लाख रुपए का उत्पाद उन्होंने दीपावली के दौरान विक्रय की थी. इस बार मात्र 70,000 का ही उत्पाद अब तक बिक पाया है।
उन्होंने बताया 13200 दीपक सीएम कोटे में उनकी समूह ने भेजी है। उनका कहना है कि बिहान बाजार महिला समूहों के उत्पाद को बाजार उपलब्ध कराने एक अच्छी व्यवस्था है, मगर व्यापक प्रचार के अभाव में उम्मीद के अनुरूप उनके उत्पादों की बिक्री नहीं हो पा रही है।
इसी प्रकार जय मां शीतला स्व सहायता समूह की कुंतल तिवारी ने बताया कि उनका यह पहला साल है। उनके समूह ने गोबर के 12000 दीपक तैयार किए हैं। इनमें से 10,000 दीपक सीएम कोटे में विक्रय किया गया है। उनका कहना है कि बाहर भी यदि उनके उत्पादों को अच्छा रिस्पांस मिले तो इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। स्व-सहायता समूहों को मु यमंत्री निवास से भी आर्डर मिला है। पिछली दफा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल भी बिहान बाजार आई थीं और यहां के उत्पादों को खूब पसंद किया था और खूब शापिंग की थी। यहां की सामग्री की खूबसूरती और गुणवत्ता को देखते हुए इस बार भी मुख्यमंत्री निवास से आर्डर मिला है।


