दुर्ग
धान खरीदी के मुद्दे पर भाजपा के प्रदर्शन पर कांग्रेस ने साधा निशाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 अक्टूबर। धान खरीदी के मुद्दे पर भाजपा के प्रदर्शन पर कांग्रेस ने करारा प्रहार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा है कि सांसद विजय बघेल को बताना चाहिए कि उन्होंने बेलौदी से कुरुदडीह तक पदयात्रा के दौरान कितने किसानों की समस्याएं सुनी, कितने किसानों के हित में कोई काम किया।
राजेंद्र ने कहा कि भाजपा सांसद सही मायनों में किसानों के हित में काम करके दिखाएं। किसानों के हितैषी बनने का ढोंग न करें। राजेंद्र ने कहा कि सांसद विजय बघेल समेत प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को किसानों के प्रति पीड़ा होती तो वे किसानों की समस्याएं सुनते और उनका निराकरण करने का प्रयास भी करते। भाजपा के सभी 11 सांसद (9 लोकसभा सांसद और 2 राज्य सभा सांसद) केंद्र सरकार से धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग क्यों नहीं करते। अगर किसानों की समस्याएं सुलझाने का जज्बा होता तो वे सीमांत किसानों की तरह सभी किसानों को 6 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की मांग करते। कृषि यंत्रों की सब्सिडी बढ़ाने की मांग के साथ डीजल के रेट कम करने की मांग भी करते।
राजेंद्र ने कहा कि पिछली रमन सरकार ने किसानों से 2100 रुपए और 270 रुपए बोनस देने का वादा किया था। पूरी फसल खरीदने के दावे किए थे। रमन सरकार के 15 साल के कार्यकाल में भाजपा के सारे वादे और दावे धरे रह गए। कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया. किसानों को लगातार 15 साल तक धोखा देते रहे भाजपा नेता अब किसानों को धान खरीदी के मामले में बहकाने का प्रयास न करें. उनके ये प्रयास सफल नहीं होंगे।


