दुर्ग
भिलाई नगर, 28 अक्टूबर। दुर्ग जिले में कल कोरोना से एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे में हडक़ंप मचा हुआ है। महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 14 अक्टूबर को उसे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान महिला ने देर रात दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन ने नगर निगम भिलाई को शव सौंप दिया है, जिसे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शव का अंतिम संस्कार करवाने की जिम्मेदारी दी गई है।
विदित हो कि कोरोना संक्रमण से करीब 37 दिन बाद जिले में मौत हुई है। इसके पहले कोरोना से 20 सितंबर को मौत हुई थी। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक कल जिले में कुल 1 हजार 135 लोगों की कोरोना जांच की गई है। प्रदेश में मिले 28 संक्रमितों में से अकेले दुर्ग से 6 हैं। कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढक़र 50 पहुंच गई है, जो प्रदेश में सबसे अधिक हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने माना है कि जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में पहले से बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। कुछ दिन पहले ही यहां एक ही दिन में 13 मरीज मिलने से प्रशासन में हडक़ंप मच गया था। इसके बाद फिर से लापरवाही बरती जा रही है। हालत यह है कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों यहां तक की शासकीय कार्यालयों तक में कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। मास्क लगाने को लेकर प्रशासन भी अब लोगों पर कोई सख्ती नहीं बरत रहा है।


