दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अक्टूबर। कोरोना की तीसरी लहर को ध्यान रखते हुए वैक्सीनेशन की उपयोगिता पर लोगों को जागरूक करते हुए माँ दुर्गा का दर्शन लाभ क्षेत्रवासियों को दिलाया जा रहा है। पॉवर हाउस के लाल मैदान में पिछले 49 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही नेताजी सुभाष नवयुवक जागृति समिति ने स्वर्ण जयंती वर्ष में पूरे एहतियात के साथ माँ दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की है।
समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता और महामंत्री विजय सिंह ने बताया कि दुर्गोत्सव में समीपस्थ क्षेत्र के सैकड़ों लोग प्रतिदिन दर्शन और पूजन में सहभागिता निभा रहे हैं। कोरोना गाइड लाईन के अनुरूप प्रतिमा पंडाल प्रांगण में केवल पूजन समिति को ही प्रवेश दिया जा रहा है। इस वर्ष ज्योत जवारा पूजन नहीं किया जा रहा है। हर वर्ष दुर्गोत्सव में होने वाले भंडारा कार्यक्रम को कोरोना के मद्देनजर इस बार नहीं किया जायेगा। प्रतीकात्मक रूप से दशहरा के दिन भंडारा होगा जिसमें सीमित संख्या में ही लोग प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे।
उपाध्यक्ष गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि समिति द्वारा स्वर्ण जयंती वर्ष पर पूजा पंडाल के समीप ही वैक्सीनेशन शिविर पंडाल बनाया गया है जिसमें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक डेढ़ सौ से अधिक लोग कोरोना से बचने टीका लगवा रहे हैं। समिति द्वारा बीएम शाह हास्पिटल के सहयोग से हर रोज स्वास्थ्य जांच शिविर का नि:शुल्क आयोजन किया गया है जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक मेडिकल टीम के साथ चेकअप कर रहे हैं। इस शिविर का लाभ भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी और समीपस्थ क्षेत्रवासी प्राप्त कर रहे हैं।
समिति के फत्तेलाल जंघेल और शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि प्रतिदिन दर्शन के लिए पहुँच रहे लोगों को टीका अवश्य लगवाने और मास्क का प्रयोग करने जागरूक किया जा रहा है। समिति का पूरा प्रयास है कि कोरोना से बचते हुए, गाइड लाइन का पालन करते हुए माता जगदम्बा का यह उत्सव शांति और सद्भावना के साथ हर्ष उल्लास से सम्पन्न हो।


