दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अक्टूबर। स्मृति नगर के ग्रीन वैली और खम्हरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकान पर बिलासपुर की ठेका कंपनी काम कर रही है। कंपनी ने वहां के सामान की सुरक्षा के लिए गार्ड भी लगाए हैं। गार्ड ने ही दोनों निर्माण स्थलों से धीरे-धीरे कर के 252 लोहे के सेंट्रिंग प्लेट चोरी कर ली है। इसकी जानकारी लगने पर ठेका कंपनी के व्हीकल इंचार्ज ने आरोपी गार्ड के खिलाफ स्मृति नगर चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि बरिया चित्रकूट उत्तरप्रदेश निवासी शिकायतकर्ता बबलू पांडेय ने ईगल सिक्यूरिटी एंड सर्विस के गार्ड थान सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता बिलासपुर के गणपति इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में काम करता है। यह कंपनी ग्रीन वैली और खम्हरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण का काम कर रही है। इन दोनों स्थानों पर बन रहे मकान की बबलू पाण्डेय ही देखरेख करता है। बबलू ने गत दिवस दोनों साइट पर रखे लोहे की प्लेट को चेक किया तो दोनों स्थानों से 252 नग प्लेट कम मिलीं।
गार्ड थान सिंह से पूछताछ की तो उसने धीरे-धीरे प्लेट चोरी करने की बात स्वीकार की हालांकि गार्ड थान सिंह ने सिर्फ 60 प्लेट चुराने की बात स्वीकार की है, लेकिन बबलू ने उसी पर पूरी चोरी का संदेह जताया है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने गार्ड को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।


