दुर्ग

जम्मू कश्मीर के राज्यपाल को छत्तीसगढ़ आने का न्योता
09-Oct-2021 6:59 PM
जम्मू कश्मीर के राज्यपाल को छत्तीसगढ़ आने का न्योता

राज्य में बिखरेगी देश भर की सांस्कृतिक विरासत की छटा-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 अक्टूबर। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने शासन द्वारा जिम्मेदारी दिए जाने के बाद दुर्ग के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा एवं मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता से मुलाकात की एवं जम्मू के पारंपरिक कलाकारों समेत राज्य के प्रसिद्ध आयोजन आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

इस दौरान मूलत: उत्तर प्रदेश से आने वाले वरिष्ठ नेता एवं जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा ने वोरा का आत्मीयता से स्वागत करते हुए वोरा के पिता एवं कद्दावर कांग्रेस नेता रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा के साथ अपने संस्मरण साझा किया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायकों को विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, संस्कृति मंत्रीगण एवं मुख्य सचिव को स्वयं जा कर निमंत्रण देने की जवाबदारी सौंपी गई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद पुरानी संस्कृति के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए प्रतिवर्ष राजधानी रायपुर में ट्राइबल नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

कोरोना की लहर के बाद यह पहला बड़ा शासकीय आयोजन होगा, जिसमें सभी राज्यों के पारंपरिक नर्तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ना सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश की सनातन संस्कृति एवं परंपरा के संरक्षण करने का कार्य कर रही है। ट्राइबल नृत्य महोत्सव में हर राज्य के विलुप्तप्राय हो रहे नृत्य कला को पुनर्जीवन मिल रहा है।

इस कार्यक्रम के आयोजन से राज्य में सम्पूर्ण भारत वर्ष की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी एवं आने वाली पीढ़ी को भी अपनी परंपरागत कलाओं को सीखने का सौभाग्य प्राप्त होगा।


अन्य पोस्ट