दुर्ग

छावनी वार्ड-दर्री तालाब का विधायक देवेंद्र ने किया दौरा
09-Oct-2021 4:53 PM
छावनी वार्ड-दर्री तालाब का विधायक देवेंद्र ने किया दौरा

लाखों के विकास कार्यों का भूमिपूजन, चाय पर चर्चा में पूछा कुशलक्षेम 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 9 अक्टूबर।
विधायक देवेंद्र यादव ने कल जोन 4 क्षेत्र के रहवासियों को न सिर्फ कई नई सौगात दी, बल्कि खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र के रहवासियों से मुलाकात कर घंटों उनके साथ समय भी बिताया। उन्होंने बताया कि शहीद चुम्मन यादव सरोवर दर्री तालाब का सौंदर्यीकरण 47 लाख की लागत से किया जाएगा। 

8 अक्टूबर की सुबह पहले विधायक श्री यादव वार्ड 28 छावनी पहुंचे और लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना। कुशलक्षेम जानने के बाद उन्होंने वार्ड का दौरा किया। लोगों से वार्ड में मूलभूत समस्याओं के विषय में जानकारी ली और खुद भी मौके पर जाकर लोगों के साथ गली मोहल्ले का निरीक्षण किया। इसके बाद भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। दर्री तालाब के पास आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने लाखों के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से ही भूमिपूजन कराया। जैसे ही विधायक छावनी पहुंचे सैकड़ों की संख्या में उपस्थित लोगों ने गाजे-बाजे और फूलमाला से उनका स्वागत किया। 

क्षेत्रवासियों को मिली सौगातों में छावनी में सतनाम भवन के समीप भवन का विस्तारीकरण कार्य 5 लाख की लागत से किया जाएगा। शहीद चुम्मन यादव सरोवर का सौंदर्यीकरण कार्य 47 लाख की लागत से होगा। मुक्तिधाम के सामने पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य 5 लाख की लागत से होगा। बिजली नगर मानस भवन के छत पर अतिरिक्त कमरा निर्माण कार्य 5 लाख की लागत से किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव का आभार जताया। 

लोग जब विधायक से मिले तो उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद से छावनी और खुर्सीपार के वार्डों में करोड़ों का विकास कार्य हो रहा है। पहले जो खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र गंदगी से पटी रहती थी, जहां पानी की हमेशा मारामारी रहती थी। जहां कोई नेता आता-जाता नहीं था, ऐसे वार्डों की विधायक देवेंद्र यादव ने तस्वीर ही बदल दी है। चारों ओर साफ सडक़ें, सीमेंटीकरण, पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। बच्चों के खेलने, बुजुर्गों और लोगों के लिए भव्य सुंदर गार्डन बनाया गया है। पानी की समस्या को हमेशा के लिए जड़ से खत्म कर दिया गया है। सतनामी समाज के लोगों ने आभार जताते हुए कहा कि आप के सहयोग से समाज का भवन बन रहा है। 

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव, कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्री चंद्राकार, मोहन लाल गुप्ता, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह आदि, नीता लोधी सहित छावनी व खुर्सीपार के स्थानीय नागरिक बडी़ संख्या में उपस्थित थे। 
 


अन्य पोस्ट