दुर्ग

मुम्बई से भिलाई पहुंचे दो बच्चों समेत 5 पॉजिटिव, दो दिन में
08-Oct-2021 5:58 PM
मुम्बई से भिलाई पहुंचे दो बच्चों समेत 5 पॉजिटिव, दो दिन में

मरीजों की संख्या में दोगुना इजाफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 अक्टूबर।
दुर्ग जिला में कल कोरोना के पांच नए केस मिले हैं, जिसमें मॉडल टाउन भिलाई नगर में रहने वाले एक ही परिवार के दो बच्चे शामिल हैं। उनकी उम्र 6 और 12 साल है, वहीं एक महिला चरोदा में रहने वाली संक्रमित हुई है। इसके अलावा निजी हॉस्पिटल में उपचार से पहले जांच कराने पर एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। इसके अलावा रायपुर के निजी हॉस्पिटल में दाखिल एक मरीज की भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई से कार में लौटे मॉडल टाउन के दोनों बच्चों की एंटीजन और ट्रू-नॉट जांच परिजनों ने करवाई।  ट्रू-नॉट की रिपोर्ट में दोनों बच्चे पॉजिटिव मिले हैं। इनके माता-पिता मुंबई में संक्रमित होने की वजह से अस्पताल में दाखिल हैं। बच्चों का ध्यान रखने वाला वहां कोई नहीं था, तो रिश्तेदार उनको कार से भिलाई अपने घर ले आए। रास्ते भर कोरोना की कहीं जांच नहीं हुई। घर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने जागरूरता का परिचय देते हुए दोनों की कोरोना जांच करवा दी। अब बच्चों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।

गौरतलब हो कि तीसरी लहर के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग वैक्सीनेशन सेंटर को बढ़ाने के लिए मंथन शुरू कर चुका है। शहर समेत सारे ब्लॉक में वैक्सीनेशन को नए सिरे से व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा सके। त्यौहार के दौरान भीड़ में जाने वाले भी सुरक्षित रहें, इसको ध्यान में रखते हुए टीकाकरण के सेंटर को बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई है। 

दुर्ग जिला में कल 7 हजार 984 लोगों को वैक्सीन लगी है। अब तक जिला में 14 लाख 15 हजार 268 डोज कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। दूसरा डोज लगवाने वालों की संख्या को ध्यान में रखकर दोनों ही वैक्सीन कोविशील्ड और कोवैक्सीन को अलग-अलग सेंटर्स में लगाया जा रहा है।

विदित हो कि दुर्ग जिला में कोरोना के मरीज फिर मिलने लगे हैं। एक सप्ताह के दौरान 11 मरीज मिले हैं। पिछले दो दिनों में मरीजों की संख्या में दो गुना इजाफा हुआ है। अहम बात है कि आरटीपीसीआर करवाने पर अधिक मरीज संक्रमित मिल रहे हैं। कोरोना जांच की संख्या में भी कमी आ गई है, गुरुवार को सिर्फ 870 लोगों की जांच की गई।
 


अन्य पोस्ट