दुर्ग
दुर्ग, 6 अक्टूबर। बड़ी बहन के अत्याचार से परेशान 8 वर्षीय बालक को चाइल्डलाइन व आईसीपीएस की टीम ने छुड़ाया। बच्चे को सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत किया है।
बड़ी बहन द्वारा पहले माले से धक्का देकर मासूम भाई को गिरा देने की जानकारी मिलने पर टीम पहुंचकर बालक को छुड़ाया। चाइल्ड लाइन की टीम को शिकायत मिली कि सोमवार की देर रात ग्रीन वैली जुनवानी निवासी 26 वर्षीय युवती ने अपने 8 वर्षीय भाई को पहले माले से नीचे गिरा दिया है। देर रात में ही टीम उस क्षेत्र में गई परंतु घर नहीं मिल पाया था।
चाइल्ड लाइन की भारती चौबे, आरती साहू, चंद्रप्रकाश पटेल, ललिता मानिकपुरी, बजरंग तथा आईसीपीएस टीम की सदस्य रुकमणी साहू व रत्ना उपाध्याय ग्रीन वैली जुनवानी पहुंचे. युवती के चंगुल से उसके भाई को छुड़ाया गया।
भारती चौबे ने बताया कि युवती नशे की आदी है और पिछले दो-तीन माह से परिवार वालों से अलग होकर अपने भाई को साथ में रह रही थी। छोटे भाई से घर का पूरा काम करवाती थी। किसी भी गलती पर उसकी जमकर पिटाई कर देती थी, भूखा भी रखती थी। बीती रात किसी बात पर नाराज होकर युवती ने अपने छोटे भाई को पहले माले से नीचे फेंक दिया था।


