दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 अक्टूबर। लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने निवास कार्यालय परिसर में विधानसभा क्षेत्र दुर्ग-ग्रामीण के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री श्री साहू ने कहा कि क्षेत्र में व्यवस्थित विकास के लिए सबकी सहभागिता जरूरी है। इस मौके पर क्षेत्र के चहूंमुखी विकास के लिए जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव दिए।
श्री साहू ने बताया कि बीत ढाई वर्षो में दुर्ग-ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 900 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विभागों के अधिकतर विकास कार्य पूर्ण हो चुके है तथा प्रगति पर हैं। नवगठित नगर निगम क्षेत्र रिसाली में केवल एक वर्ष में ही 60 करोड़ रुपए की स्वीकृति के साथ विकास कार्य प्रगति पर है। इसमें स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूूल, 30 बिस्तर अस्पताल और नवीन महाविद्यालय की स्थापना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने प्रगतिरत और अपूर्ण कार्यो को तेजी से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री साहू दुर्ग-ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आवश्यकता और मांग के अनुरूप नये कार्यों का प्रस्ताव प्रेषित करने के भी निर्देश दिए। लोक निर्माण मंत्री श्री साहू ने बताया कि क्षेत्र के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सडक़, बिजली, पानी की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ क्षेत्र के लोगों के उतरोत्तर उन्नति के लिए सिंचाई सुविधा का विस्तार, सडक़ों का चौड़ीकरण सहित नवीन पक्की सडक़ों का निर्माण किया जा रहा है। एक लेन सडक़ों को टू लेन सडक़ों और टू लेन सडक़ों को फोर लेन सडक़ों में परिवर्तित करने का कार्य प्रगति पर है।


