दुर्ग
मंत्री ने कलेक्टर से की विभिन्न विषयों पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 अक्टूबर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने शुक्रवार को चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज कैंपस का दौरा किया। यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की और अधोसंरचना की जानकारी ली। यहां उन्होंने सेटअप से संबंधित बातों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डीन, रेसिडेंट डॉक्टर एवं सीनियर डॉक्टर्स के रहने की फैसिलिटी एवं हॉस्टल सुविधा आदि के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने यहां पर उपलब्ध अधोसंरचना एवं विस्तार की संभावनाओं के संबंध में भी चर्चा की। इस दौरान वहां मौजूद कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने अब तक की गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सेटअप आदि की जानकारी भी दी। मौके पर अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन डॉ. विष्णु दत्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री श्री सिंहदेव ने कहा कि यहां हर संभव सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने उन्होंने रोड कनेक्टिविटी आदि से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की। साथ ही कॉलेज के लिए पर्याप्त भूमि की उपलब्धता आदि विषयों पर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल छात्रों के हित में जो भी किया जाना है, उसके लिए कार्रवाई जल्दी से जल्दी पूरी करनी है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया काफी तेज की जा रही है और हर 15 दिन में इसकी समीक्षा करते रहें ताकि कॉलेज का कार्य शीघ्रता से बढ़ाया जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कनेक्टिविटी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यहां की कनेक्टिविटी अधिकारिक रूप से सुलभ हो ताकि लोगों को यहां तक पहुंचने के लिए न्यूनतम दूरी तय करनी पड़े। उन्होंने भूमि की उपलब्धता आदि विषयों पर भी तथा मेडिकल कॉलेज के फ्लोर एरिया आदि की स्थिति पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने फ्लोर एरिया और प्लिंथ एरिया आदि की जानकारी दी।


