दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 सितंबर। भाजपा कार्यालय के आश्रय से दो वर्ष पूर्व हटा दिए गए आरोपी ने भाजपा कार्यालय में पहुंचकर कुर्सियों को तोड़ डाला एवं वहां पर बैठे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री के साथ मारपीट की, वहीं आरोपी ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड 40 केलाबाड़ी दुर्ग निवासी गौरव शर्मा युवा मोर्चा का जिला महामंत्री है। 28 सितंबर की शाम लगभग 4.30 बजे वाह भाजपा कार्यालय आपापुरा में अपने कक्ष में बैठा हुआ था। उसी समय संजय जैन उर्फ संजू जैन आया और वहां पर रखी प्लास्टिक की कुर्सियों को तोडऩे लगा और गाली गलौज करने लगा। जब गौरव शर्मा ने उसे मना किया तो वह हाथ मुक्के से सौरव शर्मा की पिटाई कर दी, जिससे गौरव शर्मा के हाथ, पीठ, छाती आदि में चोटे आई। इसके बाद गुस्से में आए आरोपी ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
बताया जाता है कि आरोपी संजीव जैन निवासी गंजपारा शक्ति चौरा दुर्ग भाजपा कार्यालय में लगभग 2 वर्ष पूर्व आश्रय में रहता था, जिसे बुरी आदत होने के कारण कार्यालय से हटा दिया गया था। प्रार्थी की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


