दुर्ग
दो आरक्षक निलंबित, अब महिला पर कार्रवाई का इंतजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 सितंबर। टाउनशिप के सेक्टर-1 की महिला ने पुलिसकर्मियों के सामने युवक का गला पकड़ बोला कि इस इलाके में आए न तो गाड़ दूंगी। भिलाई से यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें महिला एक युवक को पुलिस के सामने ही थप्पड़ मार रही है। गला पकडक़र जिंदा जमीन में गाड़ देने की धमकी दे रही है। पुलिस के दो सिपाही भी खड़े-खड़े ये सब देख रहे हैं। महिला के साथ मौजूद भीड़ भी युवकों को मारने की बात कर रही है। भारत माता के जयकारे लग रहे हैं और देश के गद्दारों के खिलाफ नारे भी।
इस वीडियो के सामने आने के बाद अब कार्रवाई हुई है। वीडियो में दिख रहे दोनों आरक्षक संजय सोनी और शफीक खान को निलंबित कर दिया गया है और पुलिस महिला के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है।
इस मामले में भट्टी थाने के प्रभारी बृजेश कुशवाहा को नोटिस जारी किया गया है। एसएसपी बीएन मीणा ने कहा है कि इस घटना की जांच करके जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
पता लगा है कि टाउनशिप के सेक्टर 1 इलाके में रविवार को ये घटना हुई थी। भट्टी थाना इलाके में पडऩे वाले इस क्षेत्र की पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस इलाके में कुछ लडक़े-लड़कियां किसी धार्मिक सभा और प्रार्थना के कार्यक्रम का प्रचार करने निकले थे। धर्मांतरण और हिंदूत्व के अपमान की आशंका पर ज्योति शर्मा नाम की महिला ने इन्हें घेर लिया और पुलिस बुला ली।
महिला ने इन युवक-युवतियों के घेरकर पीटना शुरू कर दिया। भट्टी थाने की पुलिस अब महिला के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
मारपीट करने वाली ज्योति शर्मा ने युवक का गला पकडक़र कहा कि मैं तुझे मार सकती हूं, पुलिस खड़ी है तो ये मत सोचना कि मुझ से जुबान लड़ाओगे, सारे को ठोकूंगी, यही गाडक़र रख दूंगी। ज्यादा उदंडता नहीं दिखाना, सेक्टर में नहीं आना। अगर आए तो इन्हें पीटने की खुली छूट है, तबियत से ठोक लेना। मेरे हिंदूत्व को दांव में लगाने आए हो तो, थाने में चलो जहां रहते हो वहां से घर खाली करोगे तुम लोग। इसके बाद भीड़ भारत माता की जय के नारे लगाते रहे।


