दुर्ग

सफाई कर्मी की मौत, निगम आयुक्त ने गठित की 4 सदस्यीय जांच टीम
29-Sep-2021 6:30 PM
सफाई कर्मी की मौत, निगम आयुक्त ने गठित की 4 सदस्यीय जांच टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 सितंबर।
नगर निगम दुर्ग के सफाई कर्मी के आत्महत्या के मामले में नोटिस जारी करने वाले उपअभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने भवन निरीक्षक को नोटिस का जवाब 24 घंटे के भीतर मांगा है। वहीं दूसरी ओर नोटिस प्रक्रिया पर 4 सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। इसमें नगर निगम के ईई आरके पांडे को अध्यक्ष बनाया गया है। जितेन्द्र समैया ईई, भारती ठाकुर उप अभियंता तथा लेखाधिकारी आर के। बोरकर इसके सदस्य होंगे। मामले में मंगलवार को भाजपा पार्षद दल द्वारा निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

सिद्धार्थ नगर निवासी बिनेश गुजरतिया ने रविवार को अपने निवास पर आत्महत्या की। उनके मौत को निगम की नोटिस से जोडक़र देखा जा रहा है। दरअसल नोटिस जारी करने के पहले सिद्धार्थ नगर में सीमांकन किया गया था। निगम अधिकारियों की माने तो 12 दिन पहले आरआई स्तर के अधिकारियों की टीम द्वारा मौके पर जाकर नापजोख की गई थी। उसके बाद ही 7 लोगों का आवास बेजा कब्जा में बताया गया। सवाल यह है कि अगर वाकई सीमांकन किया गया है, तो किसके निर्देश के तहत यह प्रक्रिया अपनाई गई और अंजाम नोटिस तक पहुंच गया। इस पर भी जांच होनी चाहिए। जानकारी के मुताबिक निगम प्रशासन द्वारा जारी नोटिस निरस्त होने की प्रबल संभावना है। 

भाजपा पार्षद दल का निगम में प्रदर्शन मामले में नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा के नेतृत्व में भाजपा पार्षद दल व संगठन के पदाधिकारी निगम में प्रदर्शन किए। इस दौरान निगम आयुक्त हरेश मंडावी को ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा पार्षद दल ने मांग की है कि निगम द्वारा सिद्धार्थ नगर के 7 लोगों को जारी नोटिस को तत्काल निरस्त किया जाए एवं पीडि़त परिवार को 5 लाख मुआवजा तथा अनुकम्पा नियुक्ति दिया जाए। इस दौरान पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर व प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी विशेष रूप से मौजूद थीं।

 


अन्य पोस्ट