दुर्ग

अवैध खनन की शिकायत ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
29-Sep-2021 6:16 PM
अवैध खनन की शिकायत ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 सितंबर।
ग्राम पंचायत अरसनारा के ग्रामीणों ने ग्राम के बांधा एवं दर्री तलाब के दोनों मेड से अवैध रूप से मुरुम उत्खनन किए जाने की शिकायत की है। उन्होंने इस संबंध में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा कर कार्रवाई की मांग की है। 

इस संबंध में खनिज महकमा के अधिकारी का कहना है कि ग्राम में दो लीज है। अवैध खनन को लेकर विभाग को अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। 
 शिकायतकर्ताओं द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि वृक्षारोपण के सामने बांधा एवं दर्री तालाब के मेड़ों से अवैध रूप से चैनपुल्ली मशीन लगाकर हाईवा से मुरूम का परिवहन किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह कार्य विगत 1 माह से चल रहा है। 

उन्होंने मामले में ग्राम पंचायत के पदाधिकारी एवं सचिव की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। ग्रामीणों के अनुसार बांधा एवं दर्री तालाब के दोनों मेड़ों की लंबाई लगभग 400 मीटर एवं चौड़ाई 150 मीटर है। 

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक अब तक लगभग 1000 ट्रीप से ज्यादा का परिवहन किया जा चुका है। उन्होंने ग्राम के छोटे डबरी एवं बड़े डबरी तलाब से भी मिट्टी का परिवहन किए जाने की बात कही है। 

कलेक्टर के नाम सौंपे गए हस्ताक्षरित ज्ञापन में छोटू राम साहू, मनीष कुमार, रामचंद्र निषाद, अशोक, नंदलाल सहित अनेक लोगों का नाम शामिल हंै।
 


अन्य पोस्ट