दुर्ग

मछुवारों के लिए बनेगी विशेष नीति- रविन्द्र
28-Sep-2021 6:38 PM
  मछुवारों के लिए बनेगी विशेष नीति- रविन्द्र

हितग्राहियों को चेक-सामग्रियों का वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 सितंबर। धमधा विकासखंड के ग्राम छोटे पुरदा में ब्लाक स्तरीय मछुवारा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि पशुपालन एवं मत्स्यपालन मंत्री रविन्द्र चौबे ने सम्मेलन में मत्स्य पालन से जुड़े हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को चेक सामग्रियों का वितरण किया।

उन्होंने उपस्थित मछुआरों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका समाज मेहनतकश समाज है। जो है और जितना है उसी में संतुष्ट रहने वाला समाज है। समाज का मुख्य व्यवसाय मछलीपालन होने के चलने सुबह से शाम रात तक मेहनत करने और जो भी आमदनी मिल जाये उस पर संतोष करना इस समाज की विशेषता है।

मंत्री श्री चौबे ने कहा कि सरकार ने इस समाज की आवश्यकता समस्या और जरूरत को ध्यान में  रखकर नई मछुवारा नीति बनाने जा रही है। जिसमे मछुआरों के लिए विशेष नीति बनाएगी। नदी, तालाब और मछली के परंपरागत स्रोत पर सबसे पहला हक और अधिकार मछुवारा समाज का होना चाहिए। इसके लिए नीति निर्धारण किया जा रहा है। मंत्री श्री चौबे ने आगे कहा कि मछुआरा समाज को मछली पालन को आसान बनाने व बेचने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान में आने जाने में हो रही असुविधा को दूर करने के लिए हर साल 1 हजार लोगों को मोटरसाइकिल प्रदाय करने का निर्णय लिया है।

मंत्री श्री चौबे ने कहा कि सरकार हमेशा किसानों के साथ है। किसानों के हित के लिए वचनबद्ध है। मंत्री ने कहा कि मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा मिलने से अब किसानों की तरह मछुआरों को भी कृषि पम्प की तरह सब्सिडी मिलेगी। साथ ही बैंक से लोन में भी सब्सिडी मिलेगा। इसके अलावा कृषि की तरह मत्स्यपालन को कृषि विभाग की तरह अन्य सभी तरह की योजना का लाभ मिलेगा। मंत्री श्री चौबे ने कहा कि सभी तरह की सरकार की योजनाओं का लाभ लेवें और उन्नति के क्षेत्र में अग्रसर होवे।

3 मछुवारों को मिली मोटर साइकिल, 50 मछुआरों को अनेक योजनाओं का मिला लाभ - मछुवारा सम्मेलन में यहां 3 हितग्रहियों को मोटर साइकिल का वितरण किया गया। साथ ही 10 हितग्राहियों को मछली जाल, 20 हितग्राहियों को आइस बॉक्स, 5 हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये का चेक वितरण, साथ ही 12 हितग्राहियों को मछली फूड का वितरण किया गया।


अन्य पोस्ट