दुर्ग

बरामदे पर सामान रखे 17 दुकानदारों से लिया अर्थदण्ड
28-Sep-2021 5:02 PM
बरामदे पर सामान रखे 17 दुकानदारों से लिया अर्थदण्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 सितंबर।
लगातार समझाईश के बावजूद भी इंदिरा मार्केट क्षेत्र के दुकानदार दुकान का विस्तार कर सामान बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं। नगर निगम की बाजार विभाग की समझाईश को नजर अंदाज करने वाले 17 दुकानदारों पर जुर्माना ठोका गया। सोमवार की सुबह टीम की दबिश से इंदिरा मार्केट के दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। पोर्च पर रखे सामानों को फुर्ती के साथ दुकान के अंदर रखते नजर आए। बावजूद इसके निगम की टीम ने कड़ी कार्रवाई की और 8300 रुपए जुर्माना भी वसूला।

निगम आयुक्त हरेश मंडावी के दिशा निर्देश पर इंदिरा मार्केट क्षेत्र को व्यवस्थित करने अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों को दुकान के बाहर सामान नहीं रखने की शर्त पर बकायदा उनसे हस्ताक्षर कराया जा रहा है। निगम की टीम इंदिरा मार्केट कुंआ के पास के दुकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बाजार विभाग प्रभारी शिव शर्मा, उप अभियंता विनोद मांझी, ईश्वर वर्मा, भुवन दास साहू, शशिकांत यादव के अलावा बाजार विभाग और अतिक्रमण टीम मौजूद थे।  पार्किंग के पास अग्रवाल मिष्ठान से आगे जाने वाली सडक़ अतिक्रमण से सिमट गई है। आसपास के दुकानदारों द्वारा नाली को कब्जा कर दुकान का विस्तार किया गया है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। निगम की टीम अब इस क्षेत्र में कड़ी कार्रवाई करेगी।  निगम टीम ने सोमवार को इंदिरा मार्केट में इलेक्ट्रिक एम्पोरियम, शीतल ट्रेडर्स, श्रीजी इलेक्ट्रिकल, सत्यम बेकरी, शदाणी प्रोव्हिजन, देवेंद्र मसाला भंडार, अग्रवाल मिष्ठान भंडार, क्वालिटी बर्तन दुकान, लक्ष्मी नारायण स्टेशनरी, राधाकृष्ण दुकान, एवन ट्रेडर्स सहित अन्य दुकानदारों से 500-500 जुर्माना लिया गया।
जो बरामदे पर सामान सजाकर व्यवसाय कर रहे थे।
 


अन्य पोस्ट