दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 सितंबर। मध्यप्रदेश में गैंगस्टर बबलू पंडा की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार हुए 4 आरोपियों को शनिवार को मंडला पुलिस ने नेहरू नगर से गिरफ्तार किया। टीम चारों आरोपियों को लेकर मंडला रवाना हो गई है। वहीं पुलिस ने नेहरू नगर में किराएदार के रूप में अपने मां के साथ रहने वाले भाई-बहन को भी पूछताछ के लिए लेकर गई है। आरोपियों के पास से दो पिस्टल, 12 राउंड जिंदा कारतूस और एक फॉर्च्यूनर वाहन जप्त किया है।
मंडला पुलिस ने शनिवार की अलसुबह नेहरू नगर स्थित एक आवास में दबिश देते हुए गैंगस्टर बबलू हत्याकांड के फरार हुए 4 आरोपियों को पकड़ा। टीम आरोपी नीरज सोनकर, सौरभ सोनकर, सौरभ निषाद एवं एक अन्य को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एएसपी शहर संजय ध्रुव ने बताया कि गैंगस्टर बबलू पंडा जबलपुर और आसपास के क्षेत्र में जुआ सट्टा चलाने का कार्य करता था। वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गैंगवार हुआ था। जब बबलू ढाबा में बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के कुछ देर बाद ही 7 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया था। चार आरोपी घटना के बाद से फरार थे। जानकारी के मुताबिक बबलू के खिलाफ विभिन्न थानों में 29 मामले दर्ज थे। उसे जबलपुर से जिला बदर कर दिया गया था, तब से वह मंडला को अपना ठिकाना बना लिया था। आरोपियों के भिलाई में छिपे होने का लोकेशन मोबाइल टावर के जरिए पुलिस को मिला था।


