दुर्ग

गांजा पीने से मना करने पर मारपीट
19-Sep-2021 4:41 PM
गांजा पीने से मना करने पर मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 सितंबर।
दुकान के सामने बैठकर अपने दोस्तों के साथ गांजा पी रहे आरोपी को मना करना दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोपी ने जान से खत्म करने के उद्देश्य से डंडे से दुकानदार के सिर पर गंभीर वार किया, उसे तुरंत अस्पताल ले जाकर भर्ती करना पड़ा। प्रार्थिया की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 307 के तहत अपराध दर्ज किया था। थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि आरोपी होरीलाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

पुलिस के मुताबिक सिकोला बस्ती वार्ड 15 निवासी पूजा कुर्रे ने अपने घर के सामने छोटी सी दुकान खोल रखी है, जिसमें पूजा एवं उसका पति ओम प्रकाश बैठते हैं। दुकान के सामने आरोपी होरीलाल पटेल उर्फ बाली अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब गांजा पीते रहता है। इस बात को लेकर ओमप्रकाश ने उसे दुकान के सामने बैठकर शराब गांजा पीने से मना किया। 
इस पर विवाद बढ़ गया। आरोपी होरी लाल पटेल ने जान से मारने की नीयत से डंडे से ओमप्रकाश के सिर पर चार पांच प्राणघातक वार कर दिया। इससे ओमप्रकाश के सिर में गंभीर चोट आई। पूजा कुर्रे ने अपने देवर एवं जेठ की मदद से ओमप्रकाश को जिला अस्पताल दुर्ग लेकर गई। वहां से उसे शंकराचार्य ले जाने कहा गया। वहां पर बेड खाली न होने के कारण उसे तुरंत एसआर हॉस्पिटल चिखली में ले जाकर भर्ती किया गया। इलाज के बाद पूजा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
 


अन्य पोस्ट