दुर्ग
दुर्ग, 17 सितंबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निर्देशानुसार 15 से 30 सितंबर को राज्य में आयुषमान भारत पखवाड़ा एवं 23 सितंबर को आयुष्मान भारत दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पखवाड़े के दौरान योजनांतर्गत आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीयन की कार्रवाई की जाएगी, साथ ही योजनांतर्गत नि:शुल्क उपचार की जानकारी लोगों को दी जाएगी। योजनांर्तगत पंजीकृत अस्पतालों को आयुष्मान भारत पखवाड़ा एवं आयुष्मान भारत दिवस की जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान प्रतिदिन विकासखंड स्तर पर शासकीय एवं निजी अस्पतालों, सामुदायिक भवन, स्कूल, ग्राम पंचायत, शहरी क्षेत्र के वार्ड कार्यालय, वैक्सीनेशन सेंटर में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी दी जाएगी। आयुष्मान भारत दिवस के अंतर्गत अच्छे कार्य करने वाले च्वाइस सेंटर संचालक का सम्मान किया जाएगा। उपचार करने के साथ ही कम शिकायत वाले अस्पतालों, अच्छे कार्य करने वाले आयुष्मान मित्र व कियोस्क ऑपरेटर का सम्मान किया जाएगा। विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर योजना की जानकारी दी जाएगी।


