दुर्ग

बारिश से महमरा एनीकट पर चढ़ा पानी, बढऩे लगा शिवनाथ का जलस्तर
15-Sep-2021 7:41 PM
  बारिश से महमरा एनीकट पर चढ़ा पानी, बढऩे लगा  शिवनाथ का जलस्तर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 15 सितंबर। बीती रात हुई जोरदार बारिश से दुर्ग में शिवनाथ नदी पर स्थित महमरा एनीकट के साढ़े पांच फीट ऊपर तक पानी चढ़ गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से शिवनाथ नदी का जलस्तर फिर बढऩे लगा है। जलाशयों के जलभराव में भी इससे अच्छी वृद्धि हुई है।

जानकारी के अनुसार राजनांदगांव जिले में भी अच्छी बारिश हो रही है, जिससे वहां के बैराजों से 20,000 क्यूसेक से भी अधिक पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। मोंगरा जलाशय से 10000 क्यूसेक एवं सूखा नाला, घुमरिया तथा खातूटोला से भी लगभग इतना ही पानी शिवनाथ नदी में छोड़े जा रहे हैं।

 जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर भी अच्छी बारिश होने से शिवनाथ नदी के जलस्तर में बुधवार सुबह तक और वृद्धि होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार तांदुला जलाशय के जलभराव में पिछले 4 दिनों में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. वर्तमान में तांदुला जलाशय में इसके कुल क्षमता के 38 प्रतिशत तक जल भराव हो चुका है। इसी प्रकार खपरी में 61, खरखरा 55, गोंदली 45, मरोदा 53 एवं गंगरेल में 55 प्रतिशत जलभराव हो चुका है. खपरी जलाशय के कैचमेंट एरिया में सर्वाधिक 85 प्रतिशत औसत वर्षा दर्ज की गई। इसी प्रकार तांदुला एवं गोंदली जलाशय के कैचमेंट एरिया में भी अच्छी बारिश हुई है, इससे जलाशयों में लगातार पानी का आवक बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार जिले में आज कुल 47 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक पाटन विकासखंड में 89 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है, वहीं दुर्ग में 28 तथा धमधा में 24.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के बाद जिले में अब तक की स्थिति में सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है। अब तक कुल 932.2 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है, जो कि आज की तिथि में दर्ज सामान्य औसत वर्षा 869.9 मिलीमीटर से अधिक है।


अन्य पोस्ट