दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 सितंबर। नंदिनी बेमेतरा रोड पर ग्राम खेदामारा के पास हाइवा ने आज दोपहर मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही पति-पत्नी एवं 6 वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों के द्वारा सडक़ पर उतरकर चक्का जाम कर दिया गया था । पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी विश्वास चंद्राकर ने बताया कि आज दोपहर को 12:45 बजे के लगभग एक ही बाइक क्रमांक सीजी 7 एल टी 0460 से अनिल सिन्हा 35 वर्ष , उनकी पत्नी भारती सिन्हा (28)उनके दो बच्चों में आयुष सिन्हा 6 वर्ष एवं बेटी मिष्ठी सिन्हा 2 वर्ष अपने निवास आर्य नगर कोहका से बेमेतरा जा रहे थे। ग्राम खेदामारा के पास विपरीत दिशा से आ रही हाईवा क्रमांक सीजी 07 सी ए 6003 वाहन ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में अनिल सिन्हा उनकी पत्नी भारती सिन्हा एवं पुत्र आयुष सिन्हा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल बच्ची को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पुलिस ने भेजा । जबकि तीनों ही शवों को सुपेला अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। श्री चंद्राकर ने बताया कि दुर्घटना के कारण ग्रामीणों ने सडक़ पर आकर चक्का जाम कर दिया था। माहौल तनावपूर्ण होने के के कारण किसी तरह से ग्रामीणों को समझा कर स्थिति को नियंत्रित किया गया है। जामुल पुलिस के द्वारा आरोपी हाईवा चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।


