दुर्ग

बीती रात झमाझम बारिश
07-Sep-2021 7:54 PM
 बीती रात झमाझम बारिश

जिले में 42.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 सितंबर। बीती रात से जिले भर में भारी गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। जिले में आज सुबह तक कुल 42।5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई मगर अल्प एवं खंड वर्षा की स्थिति के चलते यह फसलों के लिए अभी भी पर्याप्त नहीं है।

बारिश को लेकर प्राप्त आंकड़ों के अनुसार धमधा विकासखंड में सबसे ज्यादा 50।8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। इसी प्रकार दुर्ग में 40।6 तथा पाटन विकासखंड में 36 मिलीमीटर औसत बारिश हुई है। बीती रात हुई बारिश के बाद जिले की कुल सामान्य औसत वर्षा 781।9 मिलीमीटर हो गई है जो कि अभी भी सामान्य औसत वर्षा 817।9 मिलीमीटर से कम है। जिले के एकमात्र पाटन विकासखंड में सामान्य औसत वर्षा हुई है, जहां अब तक 910 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है जबकि क्षेत्र की सामान्य औसत वर्षा 909।6 मिलीमीटर है। समाचार लिखे जाने तक कई क्षेत्रों बूंदाबांदी जारी थी।

कृषक झबेंद्र भूषण वैष्णव का कहना है कि बीती रात हुई बारिश के बावजूद खेतों में अभी भी पानी का जमाव नहीं हो पाया है। अल्प एवं खंड वर्षा के चलते फसल इतना ज्यादा खराब हो चुकी है कि उसके लिए बहुत ज्यादा पानी की जरूरत है। वहीं धान के वृद्धि के लिहाज से काफी समय भी निकल चुका है, जिससे इस बारिश से भी उतना फायदा नहीं होने वाला है। किसानों को इससे आंशिक राहत जरूर मिली है। उन्होंने बताया कि थोड़ी दूरी के अंतराल में कहीं ज्यादा तो कहीं कम बारिश हुई है। रिवेंद्र यादव का कहना है कि नगपुरा, बोरई सहित आसपास ग्रामों में मामूली बारिश ही हुई है। कृषक धनेश्वर साहू का कहना है कि धमधा क्षेत्र के कुछ गांव में अच्छी बारिश हुई है मगर कई गांव में बहुत कम बारिश हुई है। फसलों को बचाने के लिहाज से अभी भी पर्याप्त मात्रा में बारिश नहीं हो पा रही है।


अन्य पोस्ट