दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 सितबंर। कुम्हारी में जहां पर डंप यार्ड था वहां पर अभी खूबसूरत फलोद्यान बना दिया गया है। यहां 6 प्रजातियों के पौधे रोपे गये हैं आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह फलोद्यान देखा। यह गौठान के पास बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने गौठान में उत्पादित हो रहे वर्मी कंपोस्ट भी देखे। मुख्यमंत्री ने यहां पर 3 एकड़ में लगाया गया केला बाड़ी भी देखा और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को लाभांश का दो लाख रुपए का चेक भी सौंपा।
महिलाओं ने बताया कि गौठान में 9 लाख में गोबर क्रय किया गया और 14 लाख रुपए का वर्मी कंपोस्ट बेचा गया। मुख्यमंत्री ने इसकी प्रशंसा करते हुए कहा कि इसी तरह के नवाचार के माध्यम से कड़ी मेहनत करते रहें।
मुख्यमंत्री ने आमों की प्रजाति के बारे में भी पूछा। सीएमओ ने बताया कि यहां आम्रपाली, तोतापरी जैसे आम की प्रजाति भी लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने गौठान में आने वाले मवेशियों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि गौधन न्याय योजना के माध्यम से लोगों को इसी तरह लाभ देते रहें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मांगलिक भवन का लोकार्पण भी किया।


