दुर्ग

असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई
05-Sep-2021 5:37 PM
असामाजिक तत्वों  पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 सितंबर।
पुलिस द्वारा भिलाई दुर्ग क्षेत्र में असामाजिक तत्व, सार्वजनिक क्षेत्र में शराब खोरी करने वालों, भीड़ लगाकर इक_ा खड़े रहने वालों पर विशेष कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत 200 से अधिक लोगों पर  आबकारी एक्ट एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में भिलाई-दुर्ग के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष अभियान क्षेत्र में चलाया जा रहा है। बीती रात चलाए गए अभियान में पुलिस टीम द्वारा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, अड्डे बाजी, शराबखोरी करने वालों आदि के खिलाफ कार्रवाई की है, वहीं भीड़भाड़ वाले इलाकों सार्वजनिक जगह पर बाइक एवं पैदल पेट्रोलिंग के माध्यम से कार्रवाई की गई।

इस विशेष अभियान में दुर्ग भिलाई शहर के सभी थानों के क्षेत्र अंतर्गत थाना प्रभारियों द्वारा पेट्रोलिंग स्टाफ की मदद से असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्तियों, हाल ही में जेल से रिहा हुए बंदियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अलग-अलग थानों द्वारा कार्रवाई करते हुए संपूर्ण थाना क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के तहत 180 प्रकरण एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले के विरुद्ध 20 प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि इस तरह का विशेष अभियान लगातार क्षेत्र में जारी रहेगा और नियम के विरुद्ध कार्य करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट