दुर्ग

सप्ताह में एक दिन चलाई जा रही समर स्पेशल ट्रेन
03-Sep-2021 4:45 PM
सप्ताह में एक दिन चलाई जा रही समर स्पेशल ट्रेन

2 दिन चलाने लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 सितंबर।
सिकंदराबाद से छपरा के मध्य यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा पिछले कुछ माह से साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन प्रारंभ किया है। जिससे दुर्ग से सिकंदराबाद की ओर एवं छपरा की ओर आने जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिल रही है, परंतु ट्रेन संख्या 07051 तथा 07052 को सप्ताह में एक ही दिन चलाया जा रहा है। इससे यात्रियों को हमेशा वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर प्रगतिशील रेल कल्याण एवं विकास समिति के सचिव ने केंद्रीय रेल मंत्री तथा बिलासपुर जोन के जनरल मैनेजर को पत्र प्रेषित किया है। जिसमें उन्होंने मांग की है कि सिकंदराबाद-पटना-छपरा समर स्पेशल एक्सप्रेस को सप्ताह में 2 दिन नियमित रूप से चलाएं ताकि यात्रियों को इसका पूरा लाभ मिल सके।

रेल प्रशासन द्वारा सिकंदराबाद एवं छपरा के मध्य पिछले कुछ माह से 5 फेरों के लिए ट्रेन क्रमांक 07051/07052 समर स्पेशल सप्ताहिक ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सिकंदराबाद से प्रारंभ की जा रही है जो दुर्ग में प्रत्येक सोमवार को सुबह 11.50 बजे पहुंच रही है। यह ट्रेन रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, बैजनाथ धाम, पटना होते हुए छपरा मंगलवार को दोपहर में पहुंचती है। इसी तरह छपरा से मंगलवार की शाम को यह समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन रवाना होती है, जो दुर्ग में प्रत्येक गुरुवार की आधी रात 2.30 बजे पहुंचती है। इस स्पेशल ट्रेन में दो एसएलआर, 6 सामान्य, पांच एसी थ्री, 10 स्लीपर कोच सहित कुल 23 कोच रहते हैं। आने जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण हमेशा इस ट्रेन में वेटिंग का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। हालांकि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन से दुर्ग-राजेंद्र नगर साउथ बिहार एक्सप्रेस, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस वाया बनारस सहित कुछ ट्रेनें चलाई जा रही है परंतु ज्यादातर ट्रेनों में भी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है।
 


अन्य पोस्ट