दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 31 अगस्त। पाटन तहसील के नवागांव की बेटी प्रेरणा वर्मा सिविल जज बनकर जिले और समाज का नाम रोशन किया है।
सिविल जज बनने के बाद पहली बार अपने जन्म स्थल नवागांव आई थी तो एक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समस्त ग्रामवासी, परिजन, सहपाठी, रिश्तेदार, सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने जोर-शोर से स्वागत किया।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल के स्थाई सचिव जितेंद्र वर्मा ने अपने मंचीय उद्बोधन में कहा कि विधि के क्षेत्र में लोग कम पढ़ाई करते हैं और पढ़ाई के बाद विधि की प्रतियोगिता परीक्षा पास कर जज बनना कोई आसान काम नहीं है। ऐसे पद में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हु विधि के क्षेत्र में सबसे उच्चतम पद प्राप्त करें।
पाटन राज मनवा कुर्मी समाज के अध्यक्ष मेहतर वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह समाज के लिए गौरव का विषय है हमारे नवागांव की बेटी ने अपने प्रतिभा की बदौलत इस पद पर आसीन हुई हैं और आगे भी अपने गांव और समाज का नाम रोशन करेगी।
क्षेत्र के जनपद सदस्य और जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुझे काफी खुशी है कि मेरे जनपद क्षेत्र की बिटिया अपने मेहनत की बदौलत जज बनी हैं और यह इस क्षेत्र समाज और आने वाले पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा बनकर एक मिसाल कायम करेगी। इससे सीख ले कर क्षेत्र की भावी पीढ़ी भी जज बनकर समाज का मान सम्मान मुकम्मल करेगी।


