दुर्ग

चरोदा में जली कार मालिक राजा जैन भी नहीं मिला, मोबाइल घर पर, जिंदा जले व्यक्ति की नहीं हुई शिनाख्त
31-Aug-2021 8:31 PM
चरोदा में जली कार मालिक राजा जैन भी नहीं मिला, मोबाइल घर पर, जिंदा जले व्यक्ति की नहीं हुई शिनाख्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 अगस्त।
सोमवार शाम 4.30 बजे के करीब प्रधानमंत्री आवास चरोदा मार्ग पर कार में लगी आग से अंदर बैठा व्यक्ति जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। शव अत्यधिक जल जाने के कारण शिनाख्त नहीं हो पाई है। 

पुलिस ने बताया कि कार में अंदर से आग लगी है। भिलाई-3 पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है। जबकि कार मालिक चरोदा निवासी बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर व्यवसाई राजा जैन है। पुलिस द्वारा राजा जैन के परिजनों से संपर्क किया गया तो बताया कि दोपहर 2.30 बजे से घर पर नहीं है और उसका मोबाइल भी घर पर ही है। राजा व्यापारिक कर्ज के कारण पिछले कुछ दिनों से परेशान था। जिनसे उसने कर्ज लिया था, उनके साथ विवाद भी हुआ था । 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने बताया कि घटना की जानकारी के पश्चात पुलिस अधीक्षक दुर्ग प्रशांत अग्रवाल भी पहुंचे थे। उन्हीं से प्राप्त निर्देशानुसार जांच प्रारंभ की गई है।

घटना के संबंध में थाना प्रभारी भिलाई-3 विनय सिंह बघेल ने बताया कि घटना करीब 4.30 बजे की है। सर्वप्रथम सूचना डॉयल 112 को प्राप्त हुई थी। डॉयल 112 ने तत्काल स्थल पर पहुंचकर आगजनी को बुझाने का प्रयास किया। अंदर एक व्यक्ति के बैठे होने पर तत्काल थाना प्रभारी को सूचना दी, जिस पर श्री बघेल ने स्टॉफ के साथ पहुंचकर तत्काल अपने स्तर पर आग को बुझाया। कार के अंदर बैठा व्यक्ति बुरी तरह जल चुका था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। शव पूरी जल जाने के कारण शिनाख्त नहीं हो पाई।

अंदर से लगी कार में आग
थाना प्रभारी श्री बघेल ने बताया कि कार क्रमांक सीजी-07 एल डब्ल्यू 9999  प्रधानमंत्री आवास योजना चरोदा मार्ग के पास आग की लपटों में देखी गई। कार में आग पहले अंदर के हिस्से में लगी, जिसके कारण बाहरी बॉडी पूरी तरह से सुरक्षित थी। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पता किया गया तो कार चरोदा निवासी बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर व्यापारी राजा जैन की थी। राजा जैन से संपर्क नहीं हो सका, परंतु उनके परिजनों से जानकारी प्राप्त हुई कि वह दोपहर 2.30 बजे से घर से निकला था, उसका मोबाइल भी घर पर था।

राजधानी रायपुर से पहुंची फॉरेंसिक टीम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय धवन ने बताया कि जिले की फॉरेंसिक टीम अन्य मामले में व्यस्त होने के कारण इस अति संवेदनशील मामले में जांच के लिए रायपुर की फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम के द्वारा घटनास्थल से अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के लिए सारे साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। उसके पश्चात बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, फिलहाल भिलाई-3 पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है । व्यापारी राजा जैन के संबंध में भी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

राजा जैन के तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी भिलाई-3 विनय सिंह बघेल ने बताया कि कार मालिक राजा जैन की तलाश की जा रही है। राजा जैन के मिलने के बाद ही कार के जलने की गुत्थी को सुलझाया जा सकेगा। हालांकि राजा जैन कुछ समय से परेशानी में है। व्यापारिक कर्ज होने के कारण देनदारों से उसका विवाद भी हुआ था। कार में बैठा व्यक्ति कौन था? कार उक्त स्थल पर कौन लेकर आया? इन प्रश्नों के जवाब राजा जैन के मिलने के बाद ही मिल पाएंगे।
 


अन्य पोस्ट