दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 27 अगस्त। समीपस्थ ग्राम साकरा की निवासी फूलमत बारले (48 वर्ष) की मृत्यु होने पर उनकी बेटी ज्योति बंजारे को प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना (पीएमजेजेवाई) के तहत 2 लाख रुपए गुरुवार को भारतीय स्टेट बैंक की कुम्हारी शाखा द्वारा प्रदान किया गया।
कुम्हारी शाखा प्रबंधक जी टी निमजे ने बताया कि पिछले माह ग्राम साकरा निवासी फूलमत बारले की मृत्यु हो गई थी जिन्होंने पीएमजेजेवाई के तहत अपना बीमा कराया था मृत्यु पश्चात नॉमिनी उनकी पुत्री ज्योति बंजारे (26 वर्ष) को यह राशि प्रदान की गई।
एक ओर जहां कोरोना की विभीषिका से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है ऐसे में हितग्राही को मिली 2 लाख की राशि उनके जीवन के लिए वरदान साबित होगी। बीमाकर्ता ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ( पीएम जे जे वाई ) के तहत सालाना प्रीमियर 330 जमा किया करती थी। बीमा की राशि को प्राप्त करते हुए ज्योति बंजारे ने भावुक होकर बताया कि इस योजना से प्राप्त राशि उनके जीवन के लिए बहुत बड़ी राशि है जिससे वे अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं।
उन्होंने लोगों से भी अपील की की सभी को इस योजना का लाभ लेना चाहिए। ज्ञात हो कि बीमाकर्ता ने ग्राहक सेवा केंद्र कंडरका कार्यालय द्वारा किया गया था। इस अवसर पर क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय भिलाई के क्षेत्रीय प्रबंधक चक्रवर्ती, स्थानीय शाखा प्रबंधक जी टी निमजे एवं दिलीप कात्रे सहित स्थानीय शाखा के स्टाफ भी उपस्थित थे।


