दुर्ग

सीएम ने किया कुम्हारी में नए सरकारी कॉलेज का वर्चुअल उद्घाटन महाविद्यालय का नाम मुख्यमंत्री की माता के नाम पर होगा- अकबर
24-Aug-2021 6:07 PM
सीएम ने किया कुम्हारी में नए सरकारी कॉलेज का वर्चुअल उद्घाटन  महाविद्यालय का नाम मुख्यमंत्री की माता के नाम पर होगा- अकबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 24 अगस्त ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर कुम्हारी को नवीन शासकीय महाविद्यालय के रूप में बड़ी सौगात मिली है। सोमवार को इस महाविद्यालय का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री के कर कमलों से संपन्न हुआ। इस मौके पर आयोजित समारोह का आयोजन नगर पालिका परिषद  कुम्हारी के अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर के नेतृत्व में उत्साह पूर्वक किया गया।

प्रभारी प्राचार्य अमृता कस्तूरे ने कहा कि कुम्हारी एवं आसपास के ग्रामीण छात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ महाविद्यालय की ओर जाना नहीं पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री  द्वारा जन्मदिवस की सौगात कुम्हारी वासियों को महाविद्यालय के रूप में देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। 

कार्यक्रम में दुर्ग जिला प्रभारी वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिय़ा, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत, गिरीश देवांगन वर्चुअल उपस्थित रहे। सभी ने क्रमश: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जन्मदिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं दी। 

प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने इस नवीन शासकीय महाविद्यालय का नामकरण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माता स्व. बिंदेश्वरी बघेल महाविद्यालय किये जाने की घोषणा की। इस पर सभी उपस्थितजनों ने करतल ध्वनि से इसका स्वागत किया। 

उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने बधाई एवं शुभकामनाएं देने के साथ कहा कि पूर्व शासनकाल में प्रदेश में गिने चुने कॉलेजों की संख्या थी, किंतु वर्तमान में भूपेश सरकार के शासनकाल में शिक्षा के क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय स्वामी आत्मानंद विद्यालय तथा उच्च शिक्षा हेतु कॉलेजों की स्थापना में वृद्धि हुई है और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अत्याधुनिक नवीनतम तरीके से शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं होगी। 

कार्यक्रम का संचालन दुर्ग जिलाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर भूरे ने करते हुए नगर पालिका कुम्हारीवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्राप्त सौगात से कुम्हारी तथा आसपास के छात्र छात्राओं का उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा। 

मुख्यमंत्री से वर्चुअल संवाद में पालिकाध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगर को स्वामी आत्मानन्द इंग्लिश स्कूल और अब नवीन शासकीय महाविद्यालय की सौगात देकर नगरवासियों को कृतज्ञ कर दिया है। अब हमारा नगर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी पंक्ति में खड़ा हो गया है। अंत में उन्होंने फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया। 

कार्यक्रम में ओएसडी मनीष बंछोर, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर उपाध्यक्ष के. रवि कुमार, विधायक प्रतिनिधि शीश बंसल, सहित समस्त नगर पालिका परिषद के एल्डरमैन, पार्षदगण तहसीलदार,  एसडीएम मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगर पालिका परिषद कुम्हारी एवं नगर पालिका परिषद के समस्त कर्मचारीगण के साथ जनसमूह द्वारा इस वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाया गया । अंत में राजेश्वर सोनकर द्वारा जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों का स्वागत सम्मान किया गया।
 


अन्य पोस्ट