दुर्ग

विधायक वोरा व कांग्रेस अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
17-Aug-2021 5:17 PM
विधायक वोरा व कांग्रेस अध्यक्ष  ने किया ध्वजारोहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दुर्ग, 17 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस पर जगह-जगह तिरंगा लहराया। विधायक अरुण वोरा एवं कांग्रेस अध्यक्ष ने ध्वजारोहण किया।
 प्रवक्ता देवेश मिश्रा ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त की प्रात: 7 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गया पटेल ने गांधी चौक में ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम द्वारा प्रेषित संदेश का वाचन किया, जिसमें उन्होंने भूपेश बघेल सरकार किये जा रहे जनोपयोगी जनहित के कार्यों को आमजनों तक पहुंचाने की अपील की। 

कांग्रेस भवन में जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निर्मल कोसरे ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कांग्रेसजनों और उपस्थित जन समुदाय को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम द्वारा प्रेषित संदेश को पढक़र सुनाया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान मिठाइयों का वितरण कर खुशी का इज़हार किया गया। छत्तीसगढ़ वेयर हाउस कारपोरेशन के अध्यक्ष अरुण वोरा ने गांधी प्रतिमा के समक्ष ध्वजारोहण किया। उन्होंने महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।  

अरुण वोरा ने कहा कि आज हम अपने देश में आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। हम सब में आपसी भाईचारा सद्भाव प्रेम और एकता का वातावरण हमेशा बना रहे। हम सर्वधर्म समभाव और समानता का व्यवहार बनाए रखें, फिर दुनिया की कोई ताकत नहीं जो हमारे देश भारत की ओर आंखों उठाकर भी देख सके। राज्य में भूपेश बघेल सरकार हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेहरू जी के पदचिन्हों पर चलकर जनहित के कार्य कर रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता देवेश मिश्रा ने कहा कि हम आजाद देश में तो निवास कर रहे हैं, परंतु वर्तमान में राजनीतिक  परिस्थितियां इस प्रकार बन रही है,जिससे लगता है कि हम चंद लोगों के तानाशाह रवैया की वजह से गुलाम हो रहे हैं। आज लोगों को बोलने अथवा विरोध प्रकट करने की आजादी छीनी जा रही है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही, जो कि भारत जैसे महान प्रजातांत्रिक देश के लिए गहन चिंता का विषय है।

इस अवसर पर अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य आर एन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेन्द्र साहू, नगर निगम के सभापति राजेश यादव, प्रदीप चौबे, भजन सिंह निरंकारी,भिलाई जिलाध्यक्ष तुलसी साहू,लक्ष्मण चंद्राकर,प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव जितेंद्र साहू ,अरुण सिसोदिया,  शंकर लाल ताम्रकार,कमल नारायण रुंगटा,राधेश्याम शर्मा परमजीत सिंहभुई,सत्यवती वर्मा,इरफान खान,कौशल किशोर सिंह अजय मिश्रा राजकुमार पाली दिलीप ठाकुर,मासूब अली  आदि उपस्थित थे

अरुण वोरा ने किया ध्वजारोहण, बाइक रैली का किया शुभारंभ
इस दौरान विधायक अरुण वोरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में ध्वजारोहण किया। उन्होंने शहर के तीन स्थानों से स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति बाइक रैली का शुभारंभ किया। बाइक रैली में प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव संदीप वोरा के नेतृत्व में शहर के सैकड़ों युवा शामिल हुए। युवाओं ने बाइक रैली के माध्यम से लोगों को एकता व शांति बनाये रखने, मिलजुलकर काम करने व देशभक्ति का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट