दुर्ग

ससुराल से निकाला, मामला दर्ज
11-Aug-2021 5:16 PM
ससुराल से निकाला, मामला दर्ज

पति,सास-ससुर करते थे मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अगस्त।
शादी के बाद जब पीडि़ता अपने ससुराल पहुंची तब उसे जानकारी मिली कि ससुराल पक्ष द्वारा उसके पति के बारे में गलत जानकारी दी गई थी। वहीं उसके पति का अपनी भाभी के साथ अनैतिक संबंध होने की जानकारी होने पर जब पीडि़ता ने विरोध किया तो ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पिछले 2 वर्षों से पीडि़ता मायके में ही रह रही है। पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस में ससुरालियों के खिलाफ धारा 498 ए, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।

उतई निवासी पीडि़ता का विवाह 11 मई 2018 को गोगांव पुरानी बस्ती गुढिय़ारी रायपुर निवासी गयेश्वर उर्फ गौरव साहू पिता श्याम साहू के साथ हुआ था। ससुराल जाने पर पीडि़ता को जानकारी मिली कि उसका पति बीबीए किया हुआ है जबकि उसे एमबीए तक शिक्षित बताया गया था, वहीं उसका वेतन भी अधिक बताया गया था जबकि उसका वेतन कम था। 3 माह तक सब कुछ ठीक चलता रहा। इसके बाद पीडि़ता को एहसास हुआ कि उसके पति गयेश्वर का उसके ही घर में रहने वाली भाभी के साथ अनैतिक संबंध है। इस बारे में जब उसने अपने पति से पूछी तब पति ने कहा कि उसका अपनी भाभी श्रीमती मनीषा के साथ संबंध है और दोनों ने विवाह भी कर लिया है। जब इस बात की जानकारी पीडि़ता ने अपनी सास ससुर को दी तो इन लोगों ने उसे चुपचाप रहने एवं घर के मामले में दखल नहीं देने की चेतावनी दी। इस पर पीडि़ता ने विरोध किया तो पीडि़ता के ससुर श्याम साहू, सास कांति देवी, जेठ कुलदीप साहू तथा जेठानी मनीषा ने मारपीट करते हुए पीडि़ता को घर से निकाल दिया। तब से पीडि़ता अपने मायके में रह रही है।
 


अन्य पोस्ट