धमतरी

गंगरेल मड़ई में उमड़ी आस्था, जुटे हजारों भक्त
14-Nov-2026 6:24 PM
गंगरेल मड़ई में उमड़ी आस्था, जुटे हजारों भक्त

मां अंगारमोती के दरबार में शामिल हुए कई गांवों के देवी-देवता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और गहरी धार्मिक आस्था का प्रतीक ऐतिहासिक गंगरेल मड़ई का आयोजन गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर परिसर में किया गया।

 दीपावली के बाद आने वाले प्रथम शुक्रवार को आयोजित होने वाली इस पारंपरिक मड़ई में धमतरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

गंगरेल मड़ई केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की विशिष्ट देव संस्कृति, लोक मान्यताओं और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। इस अवसर पर धमतरी जिले के डूबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के देवी-देवताओं के साथ केशकाल और बस्तर अंचल से भी आंगा देव एवं डांग-डोलियों के आगमन की परंपरा रही है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज, पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठता है।

मड़ई का विशेष आकर्षण संतान सुख की कामना लेकर आने वाली महिलाओं द्वारा निभाई जाने वाली पारंपरिक ‘परण’ रस्म है। स्थानीय मान्यता के अनुसार महिलाएं मां अंगारमोती के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए इस परंपरा में शामिल हुर्इं। यह अनूठी परंपरा पीढिय़ों से चली आ रही लोक आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मड़ई के दूसरे दिन 14 नवंबर को हरदानी, हल्दी खेलने और अन्य पारंपरिक रस्मों का निर्वहन किया जाता है। इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे देवी-देवता अपने डांग-डोलियों के साथ सहभागी बनते है ।

गंगरेल मड़ई छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोडऩे का महत्वपूर्ण अवसर है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोककला, पारंपरिक जीवनशैली, सामाजिक समरसता और क्षेत्रीय पर्यटन को भी नई पहचान प्रदान करता है।


अन्य पोस्ट