धमतरी

धमतरी में 108 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदी, 554 किसानों ने कटाए टोकन
13-Nov-2026 6:48 PM
धमतरी में 108 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदी, 554 किसानों ने कटाए टोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 13 नवंबर। धमतरी जिले में भी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले में 15 नवंबर से 108 केंद्रों पर शुरू होगी, इसके लिए 83 केंद्रों में 554 किसानों ने 20 हजार क्विंटल धान विक्रय हेतु लिए  टोकन कटा लिया है। इस बार धान खरीदने 8 नए उपार्जन केंद्रों की शुरुआत होगी।

धमतरी जिले में भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ होगी। इस खरीफ विपणन वर्ष में 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों की सुविधा, खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा समयबद्ध उपार्जन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस वर्ष जिले में भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी में 8 नए उपार्जन केंद्र बढ़ाए गए हैं। अब किसान 108 केंद्रों में अपना धान विक्रय कर सकेंगे। धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में कुल 6 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। जहां जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कमचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

धान खरीदी के प्रथम दिवस के लिए अब तक 83 उपार्जन केंद्रों में 554 किसानों ने करीब 20 हजार क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन कटा रखा है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों से धान की सुगम, व्यवस्थित एवं पारदर्शी खरीदी के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रहें। टोकन वितरण, भीड़ प्रबंधन, धान की गुणवत्ता जांच, नापतौल, बारदाना उपलब्धता, परिवहन एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया के दौरान नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए हैं।

कलेक्टर ने किसानों से टोकन की निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार ही केंद्रों में पहुंचने, धान की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप तैयार करने, खरीदी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट