धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 6 नवंबर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रायपुर निरंजन सिन्हा ने कोर्रा शाखा में किसानों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत ऋण सुविधा का शुभारंभ किया और हितग्राहियों को सोलर प्लांट लगाने के लिए ऋण का चेक वितरित किए। इस दौरान पशुपालन और गौपालन को बढ़ावा देने के लिए पशुचारा ऋण के चेक भी बांटे गए।
कुरुद विधानसभा अंतर्गत विभिन्न सोसायटियों में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा किसानों और ग्रामीणों को सहकारी बैंक का उद्देश्य बता रहे हैं। ग्राम रांवा निवासी गोपालन पटेल को घर की छत पर सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए 2 लाख 2 हजार 500 रुपए का ऋण चेक प्बैंरदान कर श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली बिल का बोझ कम करने में मदद मिलेगी। इससे परिवार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इसके लिए सहकारी बैंक आसान शर्तों पर वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने
किसानों की आय बढ़ाने, डेयरी और पशुपालन को प्रोत्साहित करने तथा गांवों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा कर खेती-किसानी से जुड़ी समस्याएं जानी। इसके अलावा उन्होंने सिलौटी समिति के आश्रित ग्राम सेमरा-सी पहुंचे। यहां वर्षों पुरानी लोकपरंपरा के अनुसार दीपावली सात दिन पहले मनाई जाती है। इसके गोवर्धन पूजा उत्सव में शामिल होकर ग्रामीणों को पर्व की बधाई दी।
श्री सिन्हा ने गांव की विशिष्ट लोकपरंपरा और आपसी सद्भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी परंपरा, ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान हैं। इन्हें सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भाजपा नेता रामगोपाल देवांगन, भोलाराम साहू, रवि सिन्हा, लेखूराम सिन्हा, सरपंच छबिलेश सिन्हा, यशवंत शुक्ला, उमेश देवांगन, भावसिंग सिन्हा, शाखा प्रबंधक महेंद्र सिंह गौर सहित ग्रामीण उपस्थित थे।