धमतरी

संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक विवादों में घसीटना ठीक नहीं-चन्द्राकर
03-Nov-2026 6:24 PM
संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक विवादों में घसीटना ठीक नहीं-चन्द्राकर

कुरुद के राष्ट्र चिंतन संवाद में वक्ताओं ने किया एसआईआर और सीईसी का बचाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 3 नवंबर। लोकतंत्र में राजनीतिक असहमति का अधिकार सभी दलों को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक विवादों में घसीटना उचित नहीं है। उक्त बातें कुरुद में आयोजित राष्ट्र चिंतन संवाद में मुख्य वक्ता की आसंदी से विधायक अजय चन्द्राकर ने कही। उन्होंने एसआईआर और सीईसी पर उठते सवाल का बचाव करते हुए इंडिया गठबंधन पर अराजकता फैला रिजीम चेंज (सत्ता परिवर्तन)की साजि़श रचने की बात कही।

मंगल भवन कुरुद में आयोजित राष्ट्र चिंतन संवाद में वक्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका, निर्वाचन प्रक्रिया और देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर जनमत तैयार करने विचार-विमर्श किया।

पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने अतीत के घटनाक्रमों से कुछ चुनिंदा तथ्यों के सहारे निर्वाचन आयोग, विशेष गहन पुनरीक्षण और ईवीएम को लेकर विपक्ष की हालिया भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने से पहले पूरी प्रक्रिया और संवैधानिक प्रावधानों को समझना जरूरी है।

 चंद्राकर ने एसआईआर की संवैधानिक वैधता, निर्वाचन आयोग के अधिकारों और जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक विवादों में घसीटना ठीक नहीं है। उन्होंने फ्रांस, स्पेन, इटली सहित यूरोपिय देशों में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए देश में भी इंडिया गठबंधन पर विदेशी फंडिंग की मदद से साजि़श रचने की बात कह जांच की जरूरत बताई।

रायपुर से पहुंचे विजयशंकर मिश्रा ने निर्वाचन आयोग की संरचना और मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। मतदाता सूची का पुनरीक्षण, घर-घर सत्यापन और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोडऩे की प्रक्रिया में एवं बूथ लेवल पर कांग्रेस की भूमिका नगण्य होने पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि अपनी कमियां और खामियां दूर करने की जगह हम पर वोट चोरी का आरोप लगाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान और निर्वाचन प्रक्रिया पर चर्चा से पहले नागरिकों को उनके प्रावधानों की जानकारी होनी चाहिए।

 इसके पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने पार्टी के एक कार्यक्रम को स्वतंत्रता दिवस में भाजपा का झंडा फहराने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि गलत सूचना तेजी से फैलती हैं, सच्चाई सामने आने तक काफी देर हो जाती है। विदेशी ताकतों की मदद से विपक्ष गलत नैरेटिव गढक़र जनमत को प्रभावित करने काम कर रहा है। यह हरकत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती है। इसलिए नई पीढ़ी को तथ्यों की जांच और सही-गलत के बीच अंतर समझने के लिए जागरूक करना आवश्यक है। मंच संचालन प्रभात बैस ने तथा कृष्णकांत साहू ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, विरेन्द्र साहू, जनपद सभापति सिन्धु बैस, एलपी गोस्वामी, रविकांत चंद्राकर,नवलकिशोर केला, भानु चंद्राकर, आदर्श चंद्राकर, कुलेश्वर चंद्राकर, धनेश्वर साहू, अनिल चंद्राकर, विजय केला, मालकराम साहू, शेखर चंद्राकर, थानेश्वर तारक, राजकुमार बजाज सहित प्रबुद्धजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट