धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 अक्टूबर। ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण परिवारों की आजीविका, आर्थिक गतिविधियों तथा पारिवारिक उपभोग व्यय की वास्तविक स्थिति को समझने के उद्देश्य से भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी अमरजीत सिन्हा ने आदर्श ग्राम चर्रा में एसएसजी की महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों तथा किसानों से सीधा संवाद कर ग्रामीण जीवन, आय के स्रोतों और स्थानीय विकास की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा संचालित पारिवारिक उपभोग व्यय सर्वेक्षण के अंतर्गत तकनीकी विशेषज्ञ समूह के दौरे में आए दल को जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, कृषि एवं आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा किसान उत्पादक कंपनियों की गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने जिले में ग्रामीण परिवारों की आय के स्रोतों, आजीविका के अवसरों और विभिन्न शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभों की जानकारी दी।
कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत चर्रा में श्री सिन्हा ने प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से ग्रामीणों के अनुभवों और उनकी वास्तविक परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी, सामुदायिक संस्थाओं की भूमिका तथा कृषि एवं गैर-कृषि गतिविधियों से परिवारों को मिलने वाली आय जैसे विषय शामिल थे।
मगरलोड विकासखंड के ग्राम केकराखोली में केन्द्रीय अधिकारी ने ग्रामीण आजीविका के साधनों, कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों, महिला समूहों की भूमिका तथा किसान उत्पादक कंपनियों के माध्यम से किसानों को मिलने वाले अवसरों के संबंध में जानकारी ली।
बताया गया कि सर्वेक्षण के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी परिवारों द्वारा खाद्य पदार्थों, गैर-खाद्य वस्तुओं तथा विभिन्न सेवाओं पर किए जाने वाले व्यय से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े संकलित किए जा रहे हैं। ये आंकड़े देश में उपभोग के स्वरूप, जीवन-स्तर और आर्थिक परिस्थितियों के आकलन के साथ विकास योजनाओं के निर्माण एवं नीतिगत निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।