धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 29 अक्टूबर। महानदी मुख्य नहर गेट 3 के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार वन्देमातरम परिवार, बोल बम सेवा समिति द्वारा किया गया। पुलिस की मौजूदगी में हुए कफऩ-दफन के साथ ही समिति द्वारा 76वीं लावारिस लाश के रूप में शव को सद्गति दी गई।
बिरेझर पुलिस चौकी की जानकारी अनुसार महानदी मुख्य नहर गेट 3 के पास मिले 27 अक्टूबर की शाम एक अज्ञात व्यक्ति की 2-3 दिन पुरानी लाश पानी में मिली। जिसका पीएम करा उसका पता ठिकाना ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं होने पर अज्ञात शव को लावारिस मान अंतिम संस्कार के लिए बोल बम सेवा समिति, वन्देमातरम परिवार से आग्रह किया।
कुरूद के हिन्दू मुक्तिधाम में 29 अक्टूबर को पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में बरसते पानी में समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा 76वीं लावारिस लाश का अंतिम संस्कार किया गया।
समिति अध्यक्ष भानु चन्द्राकर, नंद आमदे, भारत साहु, कृष्णा ढीमर, सीताराम, राजा चन्द्राकर, गोविन्दा, अमित कुमार, डॉ. गौरव नेताम, पुलिस टीम के इशु साहु, महेश पटेल, नैनदास बाँधे, शैलेन्द्र साहु आदि ने अज्ञात व्यक्ति को श्रद्धांजलि अर्पित की।