धमतरी
जल्द शुरू होगा यातायात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 26 अक्टूबर। महानदी में निर्माणाधीन मेघा पुल के पास आवागमन के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग को वर्षाऋतु में चार महीने के लिए बंद कर दिया गया था। उसे अब फिर से तैयार किया जा रहा है। करीब एक किलोमीटर लंबा और दस मीटर चौड़ी कच्ची सडक़ बनाने का काम जारी है। इसके बीच-बीच में पानी निकासी के लिए 200 पाइप लगाने का काम हो रहा है। नवंबर के प्रथम सप्ताह में रपटा मार्ग से आवागमन शुरू होने की उम्मीद जगी है।
ज्ञात हो कि 21 सितंबर 2024 को महानदी पर बना मेघा पूल ढह गया था। जिससे कुरूद और मगरलोड ब्लॉक की सीधी कनेक्टिविटी खत्म हो गई है। तब से कुरुद एवं मगरलोड क्षेत्र के हजारों लोगों को नदी पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन बाधित होने से दोनों ही ओर का व्यापार चौपट और किसानों की आमदनी पर विपरीत प्रभाव पडऩे लगा है।
हालांकि सेतु निगम यहाँ नया पुल बनवाने में लगा है। लेकिन अब तक निर्माण कार्य अधूरा है। पिछले वर्ष भी बरसात के पहले नदी में आवागमन सुचारू रखने करीब एक किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, उसे जुलाई में बारिश के चलते बंद कर दिया गया। तब से बाइक सवार जान जोखिम में डाल एनीकट से नदी पार करने विवश हैं। जबकि चार पहिया वाहनों को खट्टी, करेली-नारी, राजिम मार्ग से 20-25 किमी का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
सेतु निगम से हुए अनुबंध के तहत पुल ठेकेदार द्वारा नदी में वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम शुरू किया गया है। मौके पर कार्यरत सब इंजीनियर ने बताया कि पुराने रपटा में मिट्टी मुरुम से करीब एक किलोमीटर लंबा और दस मीटर चौड़ा डबल लेन सडक़ बनाने का काम जारी है। इसके मध्य भाग में पानी निकासी के लिए 1200 एमएम के करीब 200 एचपीसी पाइप लगाने का काम जारी है। एक सप्ताह के भीतर रपटा मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।