धमतरी
पिथौरा, 18 अक्टूबर। निजी बसों के लिए नए किराए की दरें घोषित होने के बाद बस ऑपरेटरों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायत सामने आ रही है। यात्रियों के अनुसार, रायपुर से पिथौरा मार्ग पर पहले जो किराया लिया जा रहा था, उसमें वृद्धि की गई है, जिससे दैनिक यात्रियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर से सरायपाली मार्ग पर शासन द्वारा किराए में संशोधन किया गया है।
एक यात्री ने बताया कि पूर्व में रायपुर से पिथौरा का साधारण बस का किराया 125 रुपये और एसी बस का 150 रुपये निर्धारित था, जबकि ऑपरेटरों द्वारा उस समय भी अधिक राशि ली जा रही थी।
अब नई दरों के लागू होने के बाद ऑपरेटरों द्वारा दरों में और बढ़ोतरी कर किराया वसूला जा रहा है। क्षेत्र के समाजसेवी अनंत सिंह वर्मा का कहना है कि किराए में की गई इस वृद्धि से विशेष रूप से निम्न वर्ग के यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।