धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 15 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद कुरूद में दो महीने पहले स्थापित भारत माता की प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विवाद छिड़ गया है। कांग्रेसी पार्षदों ने प्रतिमा में कमियों का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है, जबकि भाजपा ने इसे जनता की भावनाओं और जनसहयोग से हुआ कार्य बताते हुए आरोपों को खारिज किया है।
नगर पालिका परिषद कुरूद के नेता प्रतिपक्ष डुमेश साहू और अन्य पार्षदों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बताया कि 15 अगस्त 2026 को वार्ड क्रमांक 15 में स्थापित नई प्रतिमा के अनावरण के दो महीने के भीतर ही उसका रंग उखडऩे लगा है। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री, वित्तीय स्वीकृति, कार्यादेश और गुणवत्ता की किसी स्वतंत्र तकनीकी अधिकारी से जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व प्रतिमा को हटाने के कारणों की भी जांच की मांग उठाई गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने विपक्ष के आरोपों को अनर्गल करार देते हुए स्पष्ट किया कि यह प्रतिमा शासकीय राशि से नहीं, बल्कि एक सामाजिक व्यक्ति के गुप्तदान और जनसहयोग (पीआईसी में स्वीकृत प्रस्ताव के तहत) से लगवाई गई है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण रंग उतर गया था, जिसे पुन: ठीक कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पेंटिंग कार्य के बीच की फोटो खींचकर लोगों को भ्रामक जानकारी दी जा रही है।